26 फरवरी तक बिना ब्याज के भरें प्रोपर्टी टैक्स: एसडीएम
आर्थिक मंदहाली का सामना कर रहे नगर निगम का प्रोपर्टी टैक्स के रूप में करीब ढ़ाई करोड़ रुपये लोगों की तरफ बकाया है।
राज नरूला, अबोहर : आर्थिक मंदहाली का सामना कर रहे नगर निगम का प्रोपर्टी टैक्स के रूप में करीब ढ़ाई करोड़ रुपये लोगों की तरफ बकाया है। कमिश्नर विनोद बांसल ने बताया कि इसकी अदायगी को लेकर कई बार लोगों को नोटिस भी दिए गए हैं लेकिन इसके बावजूद लोगों ने इसकी अदायगी नहीं की। कहा कि अगर लोग अपने बकाये की अदायगी कर दे तो कर्मियों को वेतन देने में आसानी होगी व शहर का विकास भी बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी तक अगर लोग प्रोपर्टी टैक्स भर दे तो उन्हें न तो कोई पेंनल्टी देनी होगी न ही रकम पर कोई ब्याज लिया जाएगा। टैक्स की वसूली के लिए अभियान चलाया जाएगा व टैक्स की अदायगी न करने वालों के खिलाफ एक्शन भी लिया जाएगा। नगर निगम के कमिश्नर कम एसडीएम विनोद बांसल ने शुक्रवार को शिवरात्रि की छुट्टी के बावजूद नगर निगम के अधिकारियों से बैठक की व कर्मियों के वेतन की अदायगी को लेकर विचार विमर्श किया। इस अवसर पर कमिश्नर विनोद बांसल ने कहा कि सफाई कर्मियों के अलावा नगर निगम के अन्य कर्मियों का वेतन भी बकाया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की वित्तीय हालत ठीक न होने के कारण कर्मियों को वेतन देने में परेशानी आ रही है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से वेतन की अदायगी करने बारे विचार विमर्श किया। बैठक में वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के एक्सईएन जुगल किशोर, नगर निगम के सचिव, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर इकबाल सिंह, विक्रम धूड़ियां व मंगत वर्मा मौजूद थे।
ठेकेदार को दिए हैं लेबर बढ़ाने के आदेश : एसडीएम
अमृत योजना के धीमी गति से चल रहे कार्य के बारे उन्होंने कहा कि इस बाबत पहले ही ठेकेदार को हिदायत दे दी गई है। पहले लेबर की दिक्कत आ रही थी लेकिन अब लेबर पहले से काफी बढ़ा दी गई है। जून तक शहर में सभी कार्य मुकम्मल कर लिए जाएंगे। एसडीएम ने बताया कि शहर में सफाई पंद्रवाड़ा मनाया जाएगा।
सात महीने का वेतन बकाया
सफाई कर्मियों के अलावा नगर निगम के कर्मियों का सात महीने का वेतन भी बकाया है। मंगत वर्मा ने बताया कि नगर निगम के क्लेरीकल स्टाफ को जून 2019 के बाद वेतन मिला ही नहीं है। बताया कि एक महीने का वेतन करीब 27 लाख रुपये के करीब बनता है जिसके हिसाब से उनका वेतन 1 करोड़ 89 लाख रुपये बकाया है।