सेशन जज ने जांचे सब जेल के प्रबंध
संवाद सहयोगी, फाजिल्का : जिला व सेशन जज एवं जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी फाजिल्का के चेयरमैन तरसेम मंग
संवाद सहयोगी, फाजिल्का : जिला व सेशन जज एवं जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी फाजिल्का के चेयरमैन तरसेम मंगला व अथारिटी के सचिव डा. मनदीप मित्तल की ओर से बुधवार को फाजिल्का सब जेल का दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने हवालाती से उनको आने वाली मुश्किलों के बारे में पूछा और कानूनी सहायता के जरिए बनते हकों के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही उन्होंने सब जेल फाजिल्का में स्थापित लीगल एड क्लीनिक व रसोई का भी निरीक्षण किया। इस मौके चेयरमैन तरसेम मंगला ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जो अनुसूचित जाति के साथ संबंध रखता हो, महिला, हिरासत में व्यक्ति, जिसकी वार्षिक आमदन तीन लाख रूपये से कम हो उसे निशुल्क कानूनी सेवा प्रदान की जाती है। निशुल्क कानूनी सेवा में वकीलों की सेवाओं, कोर्ट फीस, गवाहों के खर्च आदि जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी की तरफ से अदा किए जाते हैं। सब जेल फाजिल्का का दौरा करने के बाद जिला व सेशन जज फाजिल्का मात्र छाया आश्रम अबोहर का भी दिया गया। उन्होंने वहां बच्चों के साथ भी समय व्यतीत किया। उन्होंने बच्चों को वृक्ष लगाने प्रति जागरूक किया, जिसके साथ वातावरण को संवारा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि हर एक मानव को एक वृक्ष लगाना चाहिए और उसकी अजीवन संभाल भी करनी चाहिए। इस मौके आश्रम के इंचार्ज संजीव गोयल, सब डिवीजन जुडिशियल मैजिस्ट्रेट अबोहर अमरीश कुमार व अन्य उपस्थित थे।