फाजिल्का बस स्टैंड से बसों को नहीं मिल रही सवारी
भले ही कर्फ्यू के बाद जीवन लगातार पटरी पर लौट रहा है।
जागरण संवाददाता, फाजिल्का : भले ही कर्फ्यू के बाद जीवन लगातार पटरी पर लौट रहा है, लेकिन फाजिल्का में बसों का पहिया अभी भी सड़क पर नहीं उतर पाया है। जिले में 24 घंटों में केवल एक से दो बसें ही फिरोजपुर से फाजिल्का और फाजिल्का से फिरोजपुर के लिए जा रही हैं। जबकि अभी तक फाजिल्का-अबोहर के मध्य बसें नहीं दौड़ी। फाजिल्का में 20 मई से बसों के चलने का सिलसिला शुरू हुआ। लेकिन एक सप्ताह की बात की जाए तो रोजाना एक या दो बसें ही बस स्टैंड से सवारियां लेकर चली। उनमें भी बहुत कम संख्या में सवारियों से सफर किया।
वीरवार सुबह करीब आठ बजे एक बस फाजिल्का से फिरोजपुर के लिए रवाना हुई, जिसमें 21 सवारियां ने सफर किया। बस में सफर करने से पहले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई और शारीरिक दूरी का पालन करते हुए उन्हें दूर दूर बैठाया गया। इसके अलावा सुबह से लेकर शाम तक एक बस काउंटर पर खड़ी रही। लेकिन सवारियां न मिलने के कारण वह दौड़ नहीं पाई।
रास्ते में उतारी जा सकेंगी सवारियां
बस स्टैंड के ड्यूटी इंस्पेक्टर पवन कुमार ने कहा कि पहले फाजिल्का से चलकर फिरोजपुर की सवारियों को उतारने के निर्देश प्राप्त हुए थे। लेकिन सवारियां की स्क्रीनिग फाजिल्का से ही की जा रही है। इसलिए अब रास्ते में जहां भी सवारी चाहे उसे उतारा जा सकता है। आज से अबोहर के लिए चलेगी बस
ड्यूटी इंस्पेक्टर पवन कुमार ने कहा कि जीएम अरविद कुमार के दिशानिर्देश के अनुसार लगातार सवारियों की स्क्रीनिग करके ही उन्हें बसों पर बैठाया जा रहा है और सभी हिदायतों का पालन किया जा रहा है। अब अबोहर के लिए शुक्रवार से बसें चलाई जाएगी। अबोहर जाने वाले लोग सुबह नौ बजे तक बस स्टैंड पर पहुंच सकते हैं।