किसानों के समर्थन में आढ़तियों ने व्यवसाय रखा बंद
संवाद सूत्र फाजिल्का केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों को रद्द करवाने की मांग क
संवाद सूत्र, फाजिल्का : केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों को रद्द करवाने की मांग को लेकर जहां पंजाब के किसान दिल्ली में ट्रैक्टर रैली करने जा रहे हैं। वहीं आढ़तिया एसोसिएशन ने भी इन बिलों के खिलाफ किसानों के संघर्ष में समर्थन देने का ऐलान किया है। जिसके तहत आढ़तिया एसोसिएशन के फैसले के अनुसार समूह आढ़ती सोमवार को हड़ताल पर रहे। यह हड़ताल 26 व 27 जनवरी तक जारी रहेगी। पहले दिन आढ़तियों द्वारा मंडी में पड़ी किसी भी फसल की खरीद नहीं की गई। जबकि कई आढ़तियों ने दुकानें भी बंद रखी।
आढ़तियां एसोसिएशन के प्रधान ओमप्रकाश सेतिया ने बताया कि फेडरेशन आफ आढ़तिया एसोसिएशन पंजाब के निर्णय अनुसार 25 से 27 जनवरी तक कारोबार बंद रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी फसल की खरीद फरोख्त नहीं की जाएगी। अध्यक्ष सेतिया ने कहा कि किसान देश का अन्न दाता है और किसानों के हकों की सुरक्षा करना समाज के सारे लोगों का फर्ज बनता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह से किसान संघर्ष के साथ है और जब तक केंद्र सरकार किसानों के खिलाफ पास किए गए काले कानून वापस नहीं लेती वह किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन बिलों के चलते आढ़तियों व किसानों के वर्षो पुराने रिश्ते को खत्म करके देश के लोगों को कारपोरेट घरानों का गुलाम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इन कानूनों के लागू होने के साथ बाद में मंडीकरण भी धीरे धीरे समाप्त हो जाएगा। जिसका सीधा असर किसानों की फसलों के भाव पर पड़ेगा।