अबोहर में मोर्चे पर बैठे किसान की ह्रदय गति रुकने से मौत, फसल के मुआवजे की मांग को लेकर लगाया है धरना
अबोहर में धरने पर बैठे किसान की ह्रदय गति रुकने से मौत हो गई। किसानों ने मृतक किसान के शव को फ्रिज में वहां ही रखा है व किसान धरनास्थल पर एकत्रित हो रहे हैं। जिसके बाद आगामी रणनीति तय की जाएगी।
राज नरूला, अबोहर। अबोहर-श्रीगांगनगर मार्ग पर गांव गुमजाल में 45 दिन से किसानों द्वारा लगाए गए पक्के मोर्चे के दौरान रविवार सुबह धरने पर बैठे एक किसान की ह्रदयगति रुकने से मौत हो गई। किसान की पहचान गांव दलबीर खेड़ा निवासी सुखविंदर सिंह छिंदा पुत्र कुंदन सिंह के रूप में हुई है। किसानों ने मृतक किसान के शव को फ्रिज में वहां ही रखा है व किसान धरनास्थल पर एकत्रित हो रहे हैं। जिसके बाद आगामी रणनीति तय की जाएगी।
गौरतलब है कि अबोहर क्षेत्र के किसानों द्वारा खराब हुई किन्नू व नरमे की फसल के मुआवजे की मांग को लेकर पक्का मोर्चा लगा रखा है। किसानों द्वारा इस रास्ते को भी कई दिन पूर्ण रूप से जाम कर दिया गया था लेकिन प्रशासन के भरोसे के बाद रास्ता खोल दिया गया लेकिन अब फिर से रास्ता जाम कर रखा है। किसान की मौत से किसानों में रोष पनप गया है व किसान धरनास्थल पर एकत्रित हो रहे है। उधर, प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया है लेकिन किसान अभी तक शव को पोस्टमार्टम के लिए शव प्रशासन को नहीं सौंप रहे। गौर हो कि शुक्रवार से चार किसानों ने मरणव्रत भी शुरू कर रखा है।