फाजिल्का के थाने में सुनाई दी धमाके की आवाज, टूटे गाड़ियों के शीशे; जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
जलालाबाद के थाना सिटी में देर रात धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें
-1789303322819_m.webp)
जांच में जुटी फोरेंसिक टीम। फोटो जागरण
HighLights
जलालाबाद थाना सिटी में देर रात धमाके जैसी आवाज।
धमाके से दो कारों के शीशे टूटे, बड़ा नुकसान नहीं।
कारण अज्ञात, पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, जलालाबाद (फाजिल्का)। जलालाबाद के थाना सिटी में रात करीब दो बजे अचानक धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई देने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। हालांकि धमाका किस वजह से हुआ, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस की ओर से किसी तरह के विस्फोटक के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं की गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया कि धमाका किसी खड़ी कार की बैटरी में खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
इसकी पुष्टि करते एसपी इन्वेस्टिगेशन सतेंद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। धमाके से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, हालांकि थाना परिसर में खड़ी दो कारों के शीशे टूटे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने बताया कि घटना की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच करेगी, जिसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि धमाका किस कारण से हुआ।
पुलिस की ओर से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके। एसपी इन्वेस्टिगेशन ने लोगों से अपील की कि घटना को लेकर किसी तरह की अफवाह या गलत सूचना न फैलाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही धमाके के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
