छह दिन से बहू लापता, ससुरालियों पर केस
गांव मौजम में विवाहित महिला छह दिन से लापता है। महिला के मायके वालों का आरोप है।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : गांव मौजम में विवाहित महिला छह दिन से लापता है। महिला के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वालों ने 15 सितंबर को फोन करके कहा कि उनकी लड़की को ट्रेन में भेज रहे हैं। लेकिन बेटी उन तक नहीं पहुंची। जब वे ससुरालियों के पास गए तो उन्होंने कहा कि लड़की यहां नहीं है। परिजनों ने शक जताया कि ससुरालियों ने बेटी को या तो छुपाकर रखा है या उसके साथ कोई अनहोनी की है। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने पति सहित सात लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है। गांव मोहन के उताड़ के सुरजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि आठ साल पहले उसकी बेटी आशा रानी की शादी सुनिल सिंह से हुई थी। उनके घर तीन बच्चे हैं, लेकिन पति-पत्नी में अकसर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा चलता रहता था। पिता का आरोप है कि 15 सितंबर को ससुरालियों ने आशा रानी को गाड़ी से घर की ओर भेज दिया। लेकिन वह उनके पास नहीं पहुंची, जोकि ससुराल गांव से ही लापता है। इसके बाद उन्होंने अपने सभी रिश्तेदारों के यहां आशा रानी के बारे में पूछा, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चला। उन्हें शक है कि सुनील सिंह आदि ने उसकी लड़की आशा रानी को छिपाकर रखा है। सहायक थानेदार सुदेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने सुनील सिंह, सुमित्रा रानी, शेर सिंह, सवरना रानी, गोरां, रानी, कालू सिंह के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है।