अच्छे दिन लाने का वादा कर केंद्र सरकार ने ठगा : घुबाया
केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए कांग्रेस ने ब्लॉक स्तरीय धरना डीसी कार्यालय के समक्ष दिया।
संवाद सहयोगी, फाजिल्का : केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए कांग्रेस ने ब्लॉक स्तरीय धरना डीसी कार्यालय के समक्ष दिया। धरने की अगुआई फाजिल्का के विधायक दविद्र सिंह घुबाया ने की।
घुबाया के मीडिया सलाहकार बलकार सिद्धू ने बताया कि धरने को कांग्रेस नेता एवं जिला परिषद सदस्य कौशल बूक, अशोक सोनी, एडवोकेट सुरेंद्र सचदेवा व अन्य नेताओं ने विचार रखे। विधायक घुबाया ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोगों को अच्छे दिन के सपने दिखाकर मोदी व उसके मंत्रियों ने केवल उद्योगपतियों के ही अच्छे दिन लाए हैं। सरकार की गलत नीतियों से पूरा देश त्राहि त्राहि कर रहा है। मोदी सरकार ने पिछले पांच साल देश को 25 साल पीछे धकेल दिया है। अब फिर से सत्ता हाथ में आते ही मोदी सरकार पूरी तरह निरंकुश हो गई है और उद्योगपतियों व पूंजीपतियों के कर्ज माफ कर रही है। उन्होंने कहा कि आज का धरना प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ के दिशानिर्देशों पर दिया जा रहा है। इस मौके पर नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र कालड़ा, पूर्व नगर कौंसिल अध्यक्ष केवल कृष्ण कामरा, सतपाल भूसरी, प्रेम कुलरिया, एडवोकेट रितेश गगनेजा, सुरेंद्र घोघा, अनिल झींझा, हरमिदर सिंह दुरेजा, एडवोकेट सुरेंद्र सचदेवा, पार्षद महावीर बुमरा, अशोक नागवंशी, पूर्व पार्षद बाबू लाल व अन्य उपस्थित थे।