बेअंत सिंह के पोते और सिद्धू की पत्नी को कांग्रेस ने दिया रोजगार : मलिक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते व नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी को रोजगार दिया है।
जेएनएन, अबोहर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक ने कहा कि कांग्रेस ने हर घर में एक व्यक्ति को तो नहीं पर अपने दो चहेतों की बेरोजगारी जरूर दूर कर दी है। पहला रोजगार पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के ओवरएज पोते को नौकरी देकर दिया। दूसरा रोजगार नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को वेयरहाउस कारपोरेशन का चेयरपर्सन बनाकर दिया गया है।
मलिक यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मलिक ने कहा कि पद न मिलने पर कांग्रेस के एमएलए इस्तीफा देने का नाटक कर रहे हैं। इनमें से कुछ दिल्ली दरबार भी जा रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ मुख्यमंत्री से मुलाकात न होने पर अपमान का घूंट पीकर लौट जाते हैं। बाद में न जाने क्यों उस अपमान को भूल गए।
श्वेत मलिक ने कहा कि कांग्रेस के पंजे ने पंजाब के भविष्य को दबोच लिया है। कांग्रेस सरकार बनने के बाद से किसानों की आत्महत्या के मामले बढ़ गए हैं। पंजाब में शराब माफिया सक्रिय है जबकि मुख्यमंत्री ने हाथ में गुटका साहिब लेकर पंजाब को नशा मुक्त करने का वायदा किया था। कांग्रेस के एमएलए सीधे पुलिस को चैलेंज कर रहे हैं। मलिक ने कहा कि हमने पंजाब को कांग्रेस से मुक्त कराने और पंजाब को बचाने का अभियान चला दिया है।