खाली प्लाट को साफ कर बच्चों ने तैयार किया खेल का मैदान
पार्क व खेल के मैदान बंद होने के कारण बचों को खेलने में भी दिक्कत पेश आ रही थी।
संवाद सहयोगी, अबोहर : कोरोना वायरस के कारण स्कूल बंद है और बच्चे घरों में हैं। पार्क व खेल के मैदान बंद होने के कारण बच्चों को खेलने में भी दिक्कत पेश आ रही थी। नई आबादी गली नंबर 11 वासी समीर, वंश, संयम, निधि, विशु, अंजली व प्रथम ने मिलकर घर के निकट एक खाली पड़े प्लाट से कचरा साफ करके खेल का मैदान बना लिया। यहां लोग अकसर कूड़ा कर्कट फेंकते थे और बेसहारा पशु भी मंडराते रहते थे। बच्चों ने प्लाट को साफ करने के साथ ही अपनी जेब से एक बास्केटबाल का नेट भी लगाया है। अब बच्चे यहां सुबह छह बजे से 8 बजे तक व शाम को 6 बजे से 8 बजे तक खेलकर अपना मनोरंजन करते हैं। बच्चों ने बताया कि खेलते समय फिजिकल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जा रहा और सभी मास्क पहनकर ही खेलने आते है। खेल के सामान को भी सैनिटाइज किया जाता है। बच्चों के इस प्रयास की उनके अभिभावकों ने प्रशंसा की है।