श्रद्धालूओं ने शिवलिंग पर चढ़ाया जल
शहर में शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर के सभी मंदिर रात को ही दुल्हन की तरह सज गए।
संवाद सहयोगी, फाजिल्का : शहर में शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शहर के सभी मंदिर रात को ही दुल्हन की तरह सज गए। प्राचीन ऐतिहासिक श्री हनुमान मंदिर, श्री राम मंदिर, श्री बाला जी धाम में सुबह से ही भक्त मंदिरों के कपाट के आगे लाइनों में लगे नजर आए और बम-बम भोले के जयकारे के साथ शिवलिग पर जलाभिषेक किया।
मेहताब गंज रोड पर स्थित श्री राम मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने शिवलिग पर जलाभिषेक किया। मंदिर के अध्यक्ष केवल कृष्ण कामरा ने बताया कि मंदिर में सुबह सवा 8 बजे देवों के देव महादेव जी की अखंड परिक्रमा की शुरुआत की गई, जो लगातार 24 घंटे चली। प्रथम पूजन सुबह 6.42 बजे से 8.07 बजे तक, द्वितीय पूजन सुबह 11.02 बजे से लेकर दोपहर 12.56 बजे तक, तृतीय पूजन शाम 5.33 बजे से लेकर शाम 7.53 बजे तक किया गया। वहीं सुबह 9 बजे महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में ही अखंड श्री रामायण पाठ की शुरुआत की गई, जिसका भोग 22 फरवरी सुबह 10 बजे डाला जाएगा। वहीं श्री हनुमान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष दविदर सचदेवा ने बताया कि मंदिर के कपाट सुबह ही खोल दिए गए थे। सुरक्षा का पूरा प्रबंध किया गया और पुलिस बल के साथ-साथ उनकी संस्था के सदस्यों ने अपनी ड्यूटी को बखूबी से निभाया। वहीं शिवपुरी प्रबंधक कमेटी द्वारा महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम व श्रद्धा से मनाया गया। शिवपुरी में स्थित शिव मंदिर में सुबह शिव व माता गौरा की आरती की, फिर माल्यार्पण किया और पुष्पवर्षा की। इसके अलावा कई जगह दुकानदारों व अन्य धार्मिक स्थलों के पास दूध व भांग का प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें राधा स्वामी कॉलोनी की गली नंबर 3 में हर साल की तरह महाशिवरात्रि पर्व मौके भंडारा आयोजित किया गया। वहीं फाजिल्का के घंटाघर चौक के निकट माता चितपूर्णी लंगर एवं जागरण सोसायटी फाजिल्का की ओर से शिवरात्रि पर खीर का भंडारा लगाया गया।