लापरवाही करने वाले पावरकाम के जेई पर केस दर्ज
जिले के गांव नुकेरियां के रहने वाले एक व्यक्ति ने पावरकाम के जेई पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : जिले के गांव नुकेरियां के रहने वाले एक व्यक्ति ने पावरकाम के जेई पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन पर गिरी बिजली की तार को ना उठाने से उसके लड़के को करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। जिस संबंधी शिकायत उसने थाना अरनीवाला पुलिस को दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव नुकेरियां निवासी जिदा सिंह ने बताया कि एक मई की दोपहर करीब दो बजे उसका लड़का मलकीत सिंह सहीवाला रोड पर कार्य करके अपने घर लौट रहा था। जब वह मंगा सिंह के खेत के निकट से निकलने लगा, तो उस का पैर सड़क पर पड़ी तार में अटक गया और वह गिर गया। जब वह उठकर तार को छुड़वाने लगा तो तार से करंट लग गया। इसके बाद वह जमीन पर गिर गया। आसपास के लोगों उसे एक डाक्टर के पास लेकर गए, लेकिन उन्होंने उसे मृतक घोषित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा जेई सोम प्रकाश की लापरवाही से हुआ है क्योंकि गांव वासियों ने उसे यह तार उपर उठाने के लिए कई बार कहा और दरखास्तें भी दी थी। लेकिन उसने इसकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया था जिस कारण यह हादसा हो गया। जांच अधिकारी भुपिदर सिंह ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने जेई के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।