इस्लामवाला में गंग कैनाल में गिरी कार, चार युवकों की मौत
मलोट रोड पर ब्लाक अरनीवाला के निकट गांव इस्लामवाला स्थित पुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर गंगकैनाल नहर में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
जेएनएन, फाजिल्का। मलोट रोड पर ब्लाक अरनीवाला के निकट गांव इस्लामवाला स्थित पुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर गंगकैनाल नहर में गिर गई। कार में चार लोग सवार थे। हादसे में डूबने से चारों की मौत हो गई। वह फाजिल्का से गांव मिड्डा की ओर जा रहे थे।
घटना 12 अप्रैल की रात की है, लेकिन घटना का पता 13 अप्रैल को लगा। गंग कैनाल में गोताखोरों की टीम ने सर्च अभियान चलाया तो घटनास्थल से पचास मीटर दूर कार नहर में मिल गई। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला तो उसमें सवार चारों युवकों के शव बरामद हुए। मरने वालों में गुरप्रीत सिंह (21), गुरलाल सिंह (19), जस्सा सिंह (20) और प्रताप सिंह (20) शामिल हैं। सभी मृतक जिला श्री मुक्तसर साहिब के गांव मिड्डा के रहने वाले है। इनमें गुरप्रीत सिंह को 14 अप्रैल को शगुन लगना था और 19 अप्रैल को शादी थी।
गांव मिड्डा निवासी साहिब सिंह ने बताया कि मरने वालों में गुरप्रीत सिंह उसका सगा भतीजा था। वह मध्य प्रदेश से फाजिल्का स्थित अपने कंबाइन मालिक के घर गेहूं की फसल काटने वाली कंबाइन मशीन लेकर 12 अप्रैल को लौटा था। वहीं से वह अपने तीन बाकी साथियों के साथ लौट रहा था कि तभी यह हादसा हो गया।
साहिब सिंह ने बताया कि 13 अप्रैल को कंबाइन के मालिक फाजिल्का के गांव ओडियां निवासी जरनैल सिंह ने उन्हें फोन किया और बताया कि एमपी से चारों लड़के फाजिल्का आने के बाद अपने घर मिड्डा के लिए निकले थे क्या वे सभी घर पहुंच गए हैं, तब उन्होंने बताया कि घर तो कोई नहीं आया है। एेसे में धीरे-धीरे खबर पूरे मिड्डा गांव और गांव ओडिया में फैल गई। तभी जरनैल सिंह ने पुलिस को इसके बारे जानकारी दी तो पुलिस ने 13 अप्रैल से छानबीन शुरू कर दी।
अरनीवाला थाना के एसएचओ जतिंद्र सिंह के नेतृत्व में छानबीन शुरू की गई तो इस्लामवाला पुल के पास कार का टूटा हुआ हिस्सा मिला। इसी के आधार पर गोताखोरों ने गंगकैनाल में सर्च अभियान चलाया और करीब बीस घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद 14 अप्रैल की दोपहर एक बजे क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला, जिसकी पिछली सीट पर चारों युवकों के शव पड़े थे, जिनके शरीर फूले हुए थे। हादसास्थल फाजिल्का के थाना अरनीवाला के अंतर्गत हुआ। पुलिस ने चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सिविल अस्पताल में रखवाकर 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।