दहेज में मांगी कार, इंकार करने पर तोड़ी शादी
जिले के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने पहले उसकी बहन के साथ सगाई करने व बाद में शादी से कुछ दिन पहले दहेज में कार की मांग करने के आरोप लगाए हैं।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : जिले के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने पहले उसकी बहन के साथ सगाई करने व बाद में शादी से कुछ दिन पहले दहेज में कार की मांग करने के आरोप लगाए हैं। कार देने से मना करने पर लड़के के परिवार ने शादी से मना कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का कार्य करता है। इसी साल जुलाई माह में एक महिला ने उसकी बहन के लिए रिश्ता बताया, जिसके बाद लड़के परिवार और लड़की के परिवार दोनों को बैठाया गया, जहां दोनों परिवारों ने लड़का व लड़की को पसंद किया। इस दौरान उसके परिवार ने लड़के सुनील को अपनी हैसियत अनुसार शगुन, कपड़े व अन्य सामान दिया। कुछ दिनों बाद लड़की के परिवार वाले भी उनके घर आए और लड़की को शगुन और कुछ कपड़े दिए। उसी दिन शादी के लिए अक्टूबर माह की तारीख फाइनल हुई। इस संबंधी उन्होंने पूरी तैयारियां कर ली और कार्ड भी बनकर आ गए, लेकिन कुछ दिन पहले लड़के ने अपने परिवार के साथ मिलकर लड़की के जीजा को फोन किया और शादी में मोटरसाइकिल देने की मांग की, जिस पर उसने कहा कि जो सामान पहले शादी में देना तय हुआ था, वह ही दिया जाएगा। लेकिन लड़का नहीं मान रहा था, जिस पर उन्होंने मोटरसाइकिल का इंतजाम कर लिया। लेकिन बाद में उनका फोन आया कि मोटरसाइकिल नहीं कार चाहिए। उन्होंने कार देने से इंकार कर दिया, जिसके कुछ दिनों बाद ही लड़के के परिवार ने शादी करने से मना कर दिया। उन्होंने गांव की पंचायत व अन्य सदस्यों से बात की, लेकिन उक्त लोग नहीं मानें। जिसके चलते उन्होंने शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। सीनियर अधिकारी ने मामले की पड़ताल करके एसएसपी फाजिल्का को रिपोर्ट सौंपी, जिनकी मंजूरी के बाद पुलिस ने मामले में उक्त लड़के सुनील कुमार, उसके पिता बलविंदर वासी फिरोजपुर व अन्य दो रिश्तेदारों के खिलाफ दहेज मांगने संबंधी मामला दर्ज कर लिया है।