विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अबोहर में खड़ी महिला पर सांड ने किया हमला, सींगों पर उठाकर पटका; दीवार से टकराने पर टूटी पसलियां

Published: Fri, 26 Jun 2026 07:30 AM (IST)

अबोहर में एक सांड ने गली में खड़ी 65 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। महिला को सींगों पर उठाकर ...और पढ़ें

महिला को दीवार पर पटकते हुए सांड।

महिला को दीवार पर पटकते हुए सांड।

HighLights

  1. अबोहर में 65 वर्षीय महिला पर सांड ने किया हमला।

  2. सांड ने महिला को सींगों पर उठाकर दीवार पर पटका, पसलियां टूटीं।

  3. घटना सीसीटीवी में कैद, बेसहारा पशुओं पर चिंता बढ़ी।

संवाद सहयोगी, अबोहर। पंजाब के अबोहर शहर में आनंद नगरी की गली नंबर सात में एक सांड ने 65 वर्षीय महिला पर अचानक हमला कर दिया। सांड ने महिला को सींगों पर उठाकर जोर से पटक दिया, जिससे वह दीवार से टकराकर जमीन पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना में महिला की पसलियां टूट गई हैं। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई।

जानकारी के अनुसार सुनीता, पत्नी खरैती लाल, सुबह अपने घर के बाहर गली में खड़ी होकर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान वहां घूम रहा एक सांड अचानक उनकी ओर बढ़ा और बिना किसी उकसावे के हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने महिला को अपने सींगों पर उठाया और कुछ दूरी तक ले जाकर जोर से पटक दिया। महिला पास की दीवार से टकराने के बाद जमीन पर गिर गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ क्षण के लिए घबरा गए।

यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में फॉर्म भरते समय अचानक बेहोश हुईं दो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, अस्पताल में भर्ती

abohar acc

महिला पर हमला करते हुए सांड।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सीसीटीवी फुटेज में भी घटना का पूरा दृश्य कैद हुआ है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सांड महिला को सींगों पर उठाकर पटकता है, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर जाती है।

घटना के बाद मोहल्ले के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने सांड को वहां से हटाया और घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। जांच में सामने आया कि महिला की पसलियों में चोट लगी है। इसके अलावा उन्हें शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें आई हैं।

यह भी पढ़ें- गुरदासपुर के कादियां की राजनीति में उलटफेर, अकाली दल छोड़ गुरइकबाल माहल ने थामा आम आदमी पार्टी का दामन

पहले भी सामने आ चुकी घटनाएं

घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार गलियों में अक्सर बेसहारा पशु घूमते रहते हैं। कई बार ये पशु आपस में लड़ते हैं या राहगीरों के बेहद करीब पहुंच जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी प्रकार की एक घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी। ऐसे हादसों के कारण लोग अब घरों के बाहर निकलते समय भी सतर्क रहने लगे हैं।

फिलहाल घायल महिला का उपचार जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है।

यह भी पढ़ें- 'मेरे चेहरे वाला मास्क पहनकर शूट किया गया वीडियो...', पंजाब CM भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पेश किए सबूत