सरहदी लोकसेवा समिति 13 अगस्त को मनाएगी 'एक शाम शहीदों के नाम'
सरहदी लोकसेवा समिति की जिला कार्यकारणी की सोमवार को बैठक सिटी गार्डन पैलेस में हुई। इसकी अध्यक्षता संस्था के उत्तर क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज ने की।
संवाद सूत्र, फाजिल्का : सरहदी लोकसेवा समिति की जिला कार्यकारणी की सोमवार को बैठक सिटी गार्डन पैलेस में हुई। इसकी अध्यक्षता संस्था के उत्तर क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज ने की। संस्था के फिरोजपुर विभाग प्रमुख मनीष छाबड़ा, प्रदेश सचिव गौतम, जिला सचिव राजेश सचदेवा काका, जिला उपप्रधान प्रवीण शर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य मोनिका अरोड़ा, रवि अरोड़ा, रेखा छाबड़ा व रोहताश बेगांवाली विशेष तौर पर शामिल हुए। इस बैठक में संस्था द्वारा निकट भविष्य में किए जाने वाले कार्यो की रूपरेखा बनाई गई। मुख्य वक्ता मनोज ने इस बात पर जोर दिया कि संस्था से जुड़े लोग और अधिक लगन से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्र के लोगों को आ रही मुश्किलों को हल करवाने तथा लोगों व सुरक्षा बलों में अधिक तालमेल बिठाना है। इसलिए संस्था द्वारा जो भी कार्यक्रम सीमांत क्षेत्र में आयोजित किए जाएं, उनमें वहां के लोगों की उपस्थिति अधिक सुनिश्चित करने का प्रयास करें। जिला प्रधान एडवोकेट राजेश कसरीजा ने बताया कि संस्था पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक पौधारोपण अभियान चला रही है। इसकी शुरूआत सीएचसी खुईखेड़ा परिसर से की जाएगी। इस कार्यक्रम के तहत संस्था के सदस्य एक सप्ताह तक विभिन्न जगह पर पौधारोपण करेंगे। मनीष छाबड़ा ने बताया कि सरहदी लोकसेवा समिति 13 अगस्त को 'एक शाम शहीदों के नाम' मनाने जा रही है। इस कार्यक्रम की रूपरेखा आने वाली अगली जिला कार्यकारणी की बैठक में निश्चित कर दी जाएगी। संस्था अगस्त माह में ही तीसरा कार्यक्रम रक्षा बंधन 22 अगस्त को फाजिल्का सेक्टर के तहत आने वाली बीएसएफ चौकियों पर जाकर मनाएगी। सीमा सुरक्षा बल के जवानों को संस्था एवं स्थानीय लोगों द्वारा राखियां बांधकर शुभकामनाएं दी जाएंगी।