पंजाब के फाजिल्का में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे अभिनेता राजपाल यादव, बोले- पंजाब देश की रीढ़ रहा है
फाजिल्का में अभिनेता राजपाल यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पंजाब हमेशा से देश की रीढ़ रहा है और देश हमेशा पंजाब के साथ खड़ा है। उन्होंने पंजाबियों के हौसले और भाईचारे की प्रशंसा की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने पंजाब की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

संवाद सूत्र, फाजिल्का। पंजाब में बाढ़ से तबाह हुए इलाकों की मदद के लिए जहां पंजाबी गायक लगातार राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं और पीड़ितों के बीच खड़े होकर हौंसला बंधा रहे हैं। वहीं अब बॉलीवुड के सितारे भी इस मुहिम में शामिल होने लगे हैं। शुक्रवार को मशहूर अभिनेता राजपाल यादव फाजिल्का के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे और प्रभावित लोगों से मुलाकात की।
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने कहा कि पंजाब हमेशा से देश की रीढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी देश के किसी हिस्से में प्राकृतिक आपदा या कठिनाई आती है, पंजाब का किसान और यहां का नौजवान सबसे पहले मदद के लिए खड़ा होता है। यही कारण है कि आज जब पंजाब बाढ़ से जूझ रहा है तो पूरा देश पंजाबियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
राजपाल यादव ने कहा कि उन्होंने पंजाबियों के हौंसले और भाईचारे की कहानियां सुनी थीं, लेकिन यहां आकर उसे करीब से देखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा इंसानी ज़िंदगियों को मुश्किल में डाल देती है, लेकिन पंजाबियों का जज़्बा हर मुश्किल को मात देने वाला है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि न सिर्फ सरकार और प्रशासन बल्कि देश का हर नागरिक पंजाब की इस मुश्किल घड़ी में साथ है।
गांव झंगड़ भेज में आयोजित राहत कार्यक्रम के दौरान अभिनेता ने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि वह खुद भी पंजाब की तरक्की और पुनर्निर्माण के लिए अपनी ओर से हर संभव योगदान देने को तैयार हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि पंजाब जल्द ही अपनी पुरानी रफ़्तार हासिल करे और यहां के खेत-खलिहान, कारोबार और जीवन पहले से भी ज्यादा समृद्ध हों। अभिनेता ने कहा कि पंजाब का हौंसला और जज़्बा पूरे देश के लिए एक मिसाल है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।