विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के फाजिल्का की अनाज मंडी में खूनी संघर्ष, दिन दहाड़े भिड़े दो गुट; फायरिंग से मची दहशत

Published: Thu, 01 Oct 2026 09:32 PM (IST)

अबोहर की अनाज मंडी में गुरुवार शाम दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें फायरिंग हुई, लग्जरी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कार के तोड़े शीशे, फायरिंग से दहशत। फोटो जागरण

कार के तोड़े शीशे, फायरिंग से दहशत। फोटो जागरण

HighLights

  1. अबोहर अनाज मंडी में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई।

  2. फायरिंग हुई, लग्जरी गाड़ियां क्षतिग्रस्त और एक युवक घायल।

  3. मौके से तेजधार हथियार मिले, विधायक ने कानून व्यवस्था पर चिंता जताई।

संवाद सहयोगी, अबोहर (फाजिल्का)। अबोहर की अनाज मंडी में वीरवार शाम करीब 6 बजे दो गुटों के बीच हुए टकराव से सनसनी फैल गई। शैड नंबर-7 के पास दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और इस दौरान दो हवाई फायर भी किए गए।

हमलावरों ने ग्रे और सफेद रंग की दो लग्जरी गाड़ियों के शीशे और अन्य हिस्से तोड़कर उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर मंडी में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 6 बजे शैड नंबर-7 के पास ग्रे और सफेद रंग की दो लग्जरी गाड़ियां आकर रुकी थीं। आसपास पहले से ही बड़ी संख्या में युवक मौजूद थे। कुछ देर बाद एक इनोवा गाड़ी वहां पहुंची और उसमें सवार युवकों ने नीचे उतरते ही दोनों गाड़ियों पर हमला कर दिया।

लोगों ने बुरी तरह से की पिटाई

पहले से मौजूद युवकों ने भी डंडों और तेजधार हथियारों से गाड़ियों को निशाना बनाया। इसी दौरान दो हवाई फायर हुए। गोलियां शैड के ऊपर से निकल गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने दोनों गाड़ियों के आगे-पीछे के शीशे समेत कई हिस्से तोड़ दिए। इसी दौरान इनोवा सवार लोगों ने एक युवक को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। युवक किसी तरह बच गया, लेकिन बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी।

सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की पहचान जम्मू बस्ती निवासी विक्रमजीत सिंह पुत्र हरदेव सिंह के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट रेफर कर दिया।

मशीनों के पीछे छिपाकर रखे थे 6-6 फीट के कापे

घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 के प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के युवक फरार हो चुके थे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने शैड के नीचे फसल साफ करने वाली मशीनों के पीछे छिपाकर रखे गए करीब 6-6 फीट लंबे तेजधार कापे निकालकर पुलिस को दिखाए। इससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों पक्षों के बीच टकराव अचानक नहीं, बल्कि पहले से तय था और हथियारों के साथ मंडी में पहुंचने की तैयारी की गई थी।

तहसील परिसर की घटना से जोड़ा जा रहा मामला

लोग इस टकराव को दो दिन पहले तहसील परिसर में हुई घटना से भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी।

विधायक जाखड़ भी पहुंचे

घटना की सूचना मिलने पर विधायक संदीप जाखड़ भी अनाज मंडी पहुंचे और मौके का जायजा लिया। उन्होंने दिन-दहाड़े फायरिंग और मारपीट की घटना पर चिंता जताते हुए पंजाब सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शहर में खुलेआम ऐसी घटनाएं लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं।