गुरुद्वारों में डाले श्री अखंड पाठ के भोग, लगाए लंगर
गुरु नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर के गुरुद्वारों में श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
संवाद सहयोगी, अबोहर : गुरु नानक देव का 550वां प्रकाश पर्व मंगलवार को शहर के गुरुद्वारों में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। श्री अखंड पाठ के भोग डाले गए व गुरबाणी का कीर्तन कर लंगर लगाए गए। श्री सुखमणि साहिब सेवा सोसायटी के सहयोग से ठाकुर आबादी स्थित गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब में रखे श्री अखंड पाठ का भोग डाला गया। कीर्तनी जत्थे ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इसके बाद गुरु का लंगर भी बरताया गया। लंगर में खीर, गुलाब जामुन, प्रसाद व सब्जी, दाल व सलाद आदि व्यंजन बनाने गए। बड़ी संख्या में संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हजूरी में माथा टेका और लंगर ग्रहण किया। इस दौरान मनजीत सिंह पोपली, रमेश जग्गा, गुरचरण सिंह गिल, अजीत सिंह रिकू आदि ने सेवा की।
इसके अलावा गुरुद्वारा श्री सिंह सभा साहिब में पाठ के भोग डाले गए और कीर्तन किया। गुरुद्वारा श्री नानकसर टोभा साहिब में भी धार्मिक समागम करवाया गया। दीवान सजाए गए। रागी व कीर्तनी जत्थों ने संगत को निहाल किया गया। इसके बाद लंगर लगाया गया।