फुटपाथों से हटेगा कब्जा, बकाया टैक्स न देने वालों पर होगी सख्तीे
फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर अब नगर निगम सख्ती से पेश आएगा। अतिक्रमण की समस्या लगातार गहराती जा रही है।
जागरण संवाददाता, अबोहर : फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को लेकर अब नगर निगम सख्ती से पेश आएगा। अतिक्रमण की समस्या लगातार गहराती जा रही है। फुटपाथों पर कब्जा करने के बाद सड़कों के किनारे भी कब्जे हो गए हैं। हालांकि जब तक नगर कौंसिल थी तो इस अतिक्रमण को हटाने के लिए कई बार मुहिम चलाई गई, लेकिन विफल ही साबित हुए। अब नगर निगम में तबदील होने के बाद शहर में फुटपाथ वाली जगह खाली होगी। नगर निगम की सहायक कमिश्नर पूनम सिंह ने निगम अधिकारियों को यह आदेश जारी किए हैं। निगम अधिकारी मंगत वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में फुटपाथ पर कब्जा करने वालों पर सख्ती बरतने व कब्जा हटाने के आदेश जारी हुए हैं। कार्रवाई का काम जल्द ही शुरू होगा। इसके अलावा कमिश्नर पूनम सिंह ने शहर में निगम के बकाया पड़े टैक्स वसूलने का अभियान चलाने के भी आदेश जारी किए। निगम में लेट लतीफ आने वाले कर्मचारियों को भी चेतावनी दी।
निगम कार्यालय आने-जाने वालों की दर्ज होगी पहचान
अब निगम कार्यालय में बिना किसी काम में मंडराने वाले लोगों का भी रास्ता बंद कर दिया गया है। अब निगम कार्यालय में जाने से पूर्व आम लोगों को मेन गेट पर पड़े रजिस्ट्रर पर अपने हस्ताक्षर करके, किससे काम है, क्या काम है आदि विवरण देकर ही जाने दिया जाएगा। हालांकि अभी कार्यालय में नगर निगम वाला बोर्ड नहीं लगा है, मंगत वर्मा ने बताया कि यह बोर्ड शुक्रवार तक लग जाएगा और जल्द ही निगम के कार्यालय में भी सुधार देखने को मिलेगा।