वोट बैंक के लिए शिअद ने बदला फैसला : ज्याणी
केंद्र की मोदी सरकार किसानों की आमदन दुगनी करने का काम कर रही है जबकि विरोधी राजनीतिक पार्टियां अपने वोट दुगने करने के लिए किसानों को गुमराह कर रही है।
संवाद सहयोगी, अबोहर : केंद्र की मोदी सरकार किसानों की आमदन दुगनी करने का काम कर रही है जबकि विरोधी राजनीतिक पार्टियां अपने वोट दुगने करने के लिए किसानों को गुमराह कर रही है। यह बात भाजपा के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत ज्याणी ने विधायक अरुण नारंग के निवास पर प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने विरोध करने वाले व सड़कों पर उतरे सभी लोगों को इन बिलों को विस्तार से पढ़ने की अपील की और फिर सवाल करने को कहा।
इस मौके पर ज्याणी ने दावा किया कि सभी बिल किसान के फायदे के लिए हैं। एमएसपी किसी हालत में भी खत्म नहीं होगी व कृषि मंत्री इस बाबत लोक सभा में भी कह चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन बिलों से किसी भी आढ़ती, मजदूर या व्यापारी वर्ग को कोई नुकसान नहीं होगा। ज्याणी ने कहा कि मंडियां भी बंद नहीं होगी व इसी तरह चलती रहेगी। ज्याणी ने अपनी सहयोगी पार्टी शिअद द्वारा बिल का विरोध करने पर कहा कि केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, सुखबीर सिंह बादल व प्रकाश सिंह बादल पहले इन बिलों को किसानों के लिए फायदेमंद बता चुके हैं लेकिन जब किसानों का विरोध देखा तो वोटों की राजनीति के चलते विरोध करने लगे हैं व इसी कारण मंत्री पद से भी इस्तीफा दे चुके हैं। उन्होंने आने वाले चुनाव साथ लड़ने के सवाल पर कहा कि यह तो समय बताएगा चुनाव में कोई किसी के साथ जा सकता है। सभी राजनीतिक पार्टियां इस समय अपने वोट बैंक के लिए गुमराह कर रही है। इस मौके पर विधायक अरुण नारंग ने कहा कि भाजपा लीडरशिप गांव गांव जाकर किसानों को इन बिलों की असलियत बताकर जागरूक करेगी।
इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धनपत सियाग, प्रदेश सचिव शिवराज गोयल व भाजपा महिला मोर्चा पंजाब प्रधान मोना जायसवाल ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के दिशा-निर्देश पर किसान मोर्चा के कार्यकर्ता अगले एक माह में प्रदेश के गांव-गांव में जाकर किसानों को कृषि संबंधी विधेयकों के बारे में जागरूक करेंगे तथा किसानों के सवालों के जवाब भी देंगे। उन्होंने कहाकि अगर किसान संगठनों को कृषि संबंधी विधेयकों के बारे में कोई शिकायत है तो वह प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकता है और प्रदेश भाजपा उनकी शिकायत के निवारण के लिए उनकी बात केंद्र सरकार से करवा सकती है।
इस अवसर पर किसान मोर्चा के जिला प्रधान कृष्ण हीरांवाली, जिला महामंत्री अश्वनी फुटेला, जिला महामंत्री राकेश छाबड़ा, मंडल प्रधान अशोक छाबड़ा, उपस्थित थे।