विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फाजिल्का के अबोहर में डॉक्टर की नहर में डूबने से मौत, परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका

Published: Wed, 30 Sep 2026 11:31 PM (IST)

डा. अजयपाल छींपा की संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबने से मौत हो गई, उनका शव हनुमानगढ़ के पास सरदूल ब्रांच नहर से मिला।

फाजिल्का के अबोहर में डॉक्टर की नहर में डूबने से मौत। फाइल फोटो

फाजिल्का के अबोहर में डॉक्टर की नहर में डूबने से मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. डा. अजयपाल छींपा की नहर में डूबने से संदिग्ध मौत।

  2. शव हनुमानगढ़ के पास सरदूल ब्रांच नहर से बरामद हुआ।

  3. स्वजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की, मोबाइल गायब।

संवाद सहयोगी, अबोहर। गांव रामपुरा में रहने वाले डा. अजयपाल छींपा की संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबने से मौत हो गई। उनका शव राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में गांव नाथवाना के पास सरदूल ब्रांच नहर से बरामद हुआ। नहर किनारे उनकी मोटरसाइकिल मिली, जबकि मोबाइल फोन नहीं मिला।

इस कारण स्वजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्वजनों के अनुसार रविवार रात अजयपाल (31) के मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया था। फोन आने के बाद वह मोटरसाइकिल लेकर घर से निकल गए।

देर रात तक नहीं लौटने पर स्वजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार ने रातभर उनकी तलाश की। संगरिया पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह गांव नाथवाना के पास नहर किनारे एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली।

एक राहगीर ने इसकी सूचना सामाजिक संस्था के पदाधिकारी राज किंगरा को दी। इसके बाद पुलिस और संस्था के कार्यकर्ताओं ने नहर में तलाश शुरू की। करीब दो किलोमीटर दूर नहर से अजयपाल का शव बरामद हुआ। पुलिस अब अजयपाल के मोबाइल की काल डिटेल रिकार्ज की लोकेशन खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घर से निकलने के बाद वह कहां गए थे और आखिरी बार उनकी किससे बातचीत हुई थी।

एक बच्चे का पिता था डॉक्टर

स्वजनों के अनुसार अजयपाल शादीशुदा थे और उनका एक बच्चा है। परिवार मोबाइल नहीं मिलने और रात में फोन आने के बाद अचानक घर से निकलने की घटना को लेकर सवाल उठा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीडीआर, लोकेशन और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।