विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फाजिल्का में हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने पर AAP सरपंच ने दिया इस्तीफा, खुद पर हुआ था जानलेवा हमला 

Published: Thu, 01 Oct 2026 04:30 PM (GMT+05:30)

जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज फाजिल्का के आप सरपंच सुधीर कूकणा और उनकी माता ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

फाजिल्का में AAP सरपंच ने दिया इस्तीफा। फाइल फोटो

फाजिल्का में AAP सरपंच ने दिया इस्तीफा। फाइल फोटो

HighLights

  1. आप सरपंच सुधीर कूकणा ने सभी पार्टी पदों से इस्तीफा दिया।

  2. जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रोष।

  3. फाजिल्का में परिवार और ग्रामीणों संग पुलिस थाने पर धरना।

संवाद सहयोगी, अबोहर (फाजिल्का)। खुद पर जानलेवा हमले होने बाद पुलिस द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी न करने से रोष स्वरूप गांव भागसर के नौजवान सरपंच सुधीर कूकणा व उसकी माता ने आम आदमी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

सुधीर कूकणा बल्लूआना के विधायक अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर के खास हैं और वर्तमान में आम आदमी पार्टी के जिला फाजिल्का के आब्जर्वर हैं, जबकि उनकी माता इंदिरा देवी जिला परिषद की उप चेयरमैन हैं।

बता दें कि 21 सितंबर को सुधीर कूकणा पर उस समय नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चलाईं थीं, जब वह अपने साथियों के साथ घर के बाहर आंगन में बैठकर मीटिंग कर रहे थे। पुलिस ने भागसर के ही एक व्यक्ति अरुण माकड़ के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी न होने के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है।

वीरवार को सरपंच सुधीर कूकणा ने अपने 11 साल के बच्चे और परिवार सहित थाना बहाववाला के बाहर धरना लगा दिया। इस धरने में उनके गांव की महिलाओं और पुरुषों ने भी समर्थन में साथ दिया। उन्होंने कहा कि जब सरकार में रहते हुए और पदाधिकारी होने के बावजूद उन्हें इंसाफ नहीं मिल रहा, कोई कार्रवाई नहीं हो रही तो आम लोग क्या उम्मीद रखेंगे। उन्होंने कहा कि यह धरना तब तक जारी रहेगा जब तक कार्रवाई नहीं होती।

जल्द गिरफ्त में होंगे आरोपितः थाना इंचार्ज

थाना बहाववाला के इंचार्ज रविंदर शर्मा ने कहा कि सरपंच पर गोलियां चलाने के मामले में गांव के ही निवासी अरुण माकड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस हर तकनीक से हमलावरों को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।