प्रेम विवाह के बाद टूटा सात जन्मों का बंधन, पत्नी ने लगाया फंदा
शादी से पहले जो एक-दूसरे के लिए मर मिटने की कस्में खाते थे उन मियां-बीवी का सात जन्मों का बंधन प्रेम विवाह के बाद इस कदर टूटा कि अब एक वर्ष के बाद बीवी मौत को गले लगाने के लिए मजबूर हो गई।
संवाद सहयोगी, सरहिद : शादी से पहले जो एक-दूसरे के लिए मर मिटने की कस्में खाते थे, उन मियां-बीवी का सात जन्मों का बंधन प्रेम विवाह के बाद इस कदर टूटा कि अब एक वर्ष के बाद बीवी मौत को गले लगाने के लिए मजबूर हो गई। जीवन भर उसकी रक्षा का संकल्प लेने वाला पति का भविष्य सलाखों के पीछे होगा। यह प्रेम कहानी है मंडी गोबिदगढ़ के रहने वाले दंपती की।
अशोक कुमार के लोहा नगरी में रहने वाली 24 वर्षीय रिहाना से प्रेम संबंध थे। जाति को लेकर दोनों के परिवार सहमत नहीं थे। इसके चलते करीब एक वर्ष पहले दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली थी। काफी समय दोनों परिवारों की नजरें से दूर रहे थे। कुछ समय पहले अशोक कुमार अपनी पत्नी रिहाना के साथ आकर सरहिद के बाड़ा क्षेत्र में किराए के मकान में रहने लगा था।
इस दौरान अकसर शराब के नशे में अशोक कुमार अपनी पत्नी से झगड़ा करता रहता था। पति के जुल्मों से तंग आकर रिहाना ने घर में पंखे से फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मृतका के भाई रहीश खान की शिकायत पर अशोक कुमार के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया। आरोपित अभी फरार है।