विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहगढ़ साहिब में पुलिस मुठभेड़, UK नंबर से रंगदारी मांगने वाले बदमाश को लगी गोली; पाकिस्तान मॉड्यूल से जुड़े तार

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:31 PM (IST)

फतेहगढ़ साहिब के गांव संघोल में हथियारों की बरामदगी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक ...और पढ़ें

फतेहगढ़ साहिब में पुलिस मुठभेड़। फोटो जागरण

फतेहगढ़ साहिब में पुलिस मुठभेड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. फतेहगढ़ साहिब के संघोल में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़।

  2. हथियार बरामदगी के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, दूसरा घायल।

  3. रंगदारी मांगने वाले बदमाशों के तार पाकिस्तान मॉड्यूल से जुड़े होने की आशंका।

जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब के गांव संघोल में आज हथियारों की बरामदगी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस घटना में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि भागने की कोशिश में दूसरे बदमाश को भी चोट आई है।

इन दोनों को रंगदारी मांगने के आरोप में 17 सितंबर को हिरासत में लिया गया था। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस मुलाजिम भी मामूली रूप से घायल हुआ है। तीनों को खमाणों के सिविल अस्पताल में उपचार के लिये दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने इनके तार पाकिस्तान मड्यूल से जुड़े होने की आशंका जाहिर की है।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी शुभम अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक हफ्ते से खमाणों क्षेत्र के व्यापारियों व निवासियों को लगातार रंगदारी के लिये फोन पर धमकियां दिये जाने के मामले समाने आ रहे थे।

यूनाइटेड किंगडम का नंबर ट्रेस

इसे लेकर 13 सितंबर को एक एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसकी तफ्दीश के लिये एसपी डी अमनदीप बराड़ की अगुवाई में एक टीम बनाई गई थी। जिसमें डीएसपी खमाणाें, सीआईए इंजार्च और टेक्निकल व इलेक्ट्रानिक सर्विलांस टीमों को जोड़ा गया था। इस टीम ने एक नंबर ट्रेस किया जो प्सल 44 यानि यूनाइटेड किंगडम का शो होता था।

इस फोन नंबर की कालिंग लोकेशन ट्रेस करते हुए गांव ठीकरीवाल निवासी अजीत का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक अजीत खमाणों के एक जिम ने ट्रेनिंग के लिये जाया करता था, जहां उसकी नजदीकियां जिम ट्रेनर अमनप्रीत सिंह के साथ बन गईं।

दोनों ने लोगों को डरा धमका कर रंगदारी मांगने की योजना बनाई। अमनप्रीत आर्थिक रूप से संपन्न व्यापारियों व स्थानिय निवासियों की जानकारी जुटा कर अजीत को देता था।

अजीत ने पुलिस पर किया फायर

अजीत यूके के नंबर से धमकी दे रंगदारी मांगता था। एसएसपी ने बताया कि दोनों को वीरवार को हिरासत में लिया गया था, पूछताछ के दौरान इन्होंने संघोल के एक बंद पड़े भट्ठे के पास हथियार छुपाए जाने की जानकारी दी थी।

जिसकी बरामदगी के लिये शुक्रवार शाम एएसआई नाजर सिंह की टीम इन्हें लेकर गई। एसएसपी शुभम अग्रवाल के मुताबिक बदामदगी के दौरान अजीत ने हथियार से पुलिस पर फायर कर दिया और दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की।

पुलिन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया। जिसमें अजीत के पैर में गोली लगी और अमनप्रीत दिवार से गिर कर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर आरोपितों से एक देसी तमंचा बरामद किया है।

एसएसपी ने बताया कि टेक्निकल सर्विलांस के दौरान सामने आया कि अजीत पाकिस्तान में किसी के संपर्क में था। अजीत पाकिस्तान में इंटरनेट मीडिया के जरिये भी संपर्क में था। उन्होंने आशंका जाहिर कि यह मामला पाकिस्तान माड्यूल से जुड़ा भी हो सकता है। जिसकी जांच की जा रही है।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी अजीत के खिलाफ पहले से जानलेवा हमले और आम्र्स एक्ट के दो मुकदमे दर्ज हैं और जुलाई में ही वह पटियाला जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।