निंजा और साउंड ऑपरेटरों का विवाद गरमाया, बटाला के बाद मंडी गोबिंदगढ़ में मंच से बोले- खाली दिमाग शैतान का घर
बटाला में माइक बंद होने के विवाद के बाद निंजा ने मंडी गोबिंदगढ़ में साउंड ऑपरेटरों पर तंज कसा। उनका बयान सामने आने के बाद विवाद फिर बढ़ गया।
HighLights
बटाला में माइक खराबी के बाद निंजा-साउंड ऑपरेटर विवाद शुरू।
मंडी गोबिंदगढ़ में निंजा ने मंच से ऑपरेटरों पर तंज कसा।
निंजा के 'खाली दिमाग शैतान का घर' बयान का वीडियो वायरल।
डिजिटल डेस्क, फतेहगढ़ साहिब। पंजाबी गायक निंजा और साउंड ऑपरेटरों के बीच चल रहा विवाद थमने के बजाय फिर गरमा गया है। बटाला में कार्यक्रम के दौरान माइक बंद होने के बाद शुरू हुए विवाद में साउंड ऑपरेटरों ने निंजा से माफी की मांग की थी। अब मंडी गोबिंदगढ़ में आयोजित सखी शक्ति मेले के दौरान निंजा ने माफी मांगने के बजाय मंच से साउंड ऑपरेटरों पर तंज कसा।
इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में निंजा पहले साउंड ऑपरेटर की तारीफ करते नजर आए, लेकिन उनके बाद बटाला की घटना बातते हुए तंज कस डाला। निंजा मंच से बोले-
पूरी बात करने के बाद मेला शुरू करूंगा। जब बटाले में बात हुई, हर जगह रीलों में कमेंट आने लग गए। मुझे पता लगा कि साउंड ऑपरेटर भाईचारा मेरे खिलाफ धरना देने वाला है। हम तो रोज मिलने वाले हैं। मुझे पता है गर्मियों में काम ठंडा होता है, खाली दिमाग शैतान का घर होता है। जब सर्दियां आएंगी, मुझे पता है, आपने सब भूल जाना है कि मैंने कुछ कहा था या हमने किसी को कुछ कहा था। इसलिए सभी मिल कर रहो और चढ़दी कला में रहो।
यह भी पढ़ें- DA बकाया पर हाई कोर्ट सख्त, बोले- किसी दबाव में नहीं आएंगे; पंजाब सरकार की चुनौती के बीच वीरवार तक टली सुनवाई
जाने बटाला में कैसे शुरू हुआ विवाद
दरअसल, 28 अगस्त को बटाला की दाना मंडी में आयोजित रंगला पंजाब कार्यक्रम के दौरान निंजा प्रस्तुति दे रहे थे। कार्यक्रम के बीच साउंड सिस्टम में बार-बार खराबी आने से उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ। माइक की आवाज कभी टूट रही थी तो कभी अचानक बंद हो जा रही थी। इससे निंजा काफी नाराज दिखाई दिए और दर्शकों को भी परेशानी हुई।
लगातार आ रही तकनीकी समस्या के बाद निंजा ने अपना कार्यक्रम कुछ देर के लिए रोक दिया। उन्होंने मंच से ही कार्यक्रम के आयोजकों और साउंड टीम को संबोधित करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि कलाकार दर्शकों के लिए शानदार प्रस्तुति देने के लिए काफी मेहनत करते हैं, लेकिन अगर तकनीकी व्यवस्था ठीक न हो तो पूरी मेहनत और कार्यक्रम का माहौल खराब हो जाता है।
यह भी पढ़ें- जालंधर में कांग्रेस की रोष रैली में चन्नी के समर्थन में नारे, केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन; निकलेगा रोष मार्च
ऑपरेटरों ने माफी मांगने को कहा
बटाला में मंच पर साउंड ऑपरेटरों को खरी सुनाने के बाद विवाद शुरू हुआ और इसके बाद साउंड ऑपरेटरों की ओर से निंजा से माफी की मांग की गई। ऐसे में मंडी गोबिंदगढ़ में दिए गए उनके बयान के बाद विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। वीडियो सामने आने के बाद इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
