चंडीगढ़ कांग्रेस भवन थप्पड़ कांड में नया मोड़, परिजनों ने सांसद को घेरा; हालचाल जानने पहुंचे BJP नेता
पंजाब कांग्रेस के पूर्व सचिव रणजीत तरखान माजरा और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बरिंदर ढिल्लों के बीच विवाद ने सियासी रंग ले लिया है।

तरखान माजरा मारपीट मामले ने पकड़ा तूल।
HighLights
विवाद रणजीत तरखान माजरा और बरिंदर ढिल्लों के बीच
तरखान माजरा ने राहुल गांधी से न्याय की गुहार लगाई
सांसद डॉ. अमर सिंह ने अनुशासनात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया
नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव रणजीत सिंह तरखान माजरा और यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों के बीच हुआ विवाद अब सियासी रंग पकड़ने लगा है।
बुधवार को रणजीत तरखान माजरा द्वारा एक वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस हाईकमान और राहुल गांधी से न्याय की गुहार लगाए जाने के बाद यह मामला काफी गरमा गया है। घटना के विरोध में जहां रोपड़ में दलित समाज ने बरिंदर ढिल्लों के खिलाफ रोष मार्च निकाला, वहीं फतेहगढ़ साहिब की राजनीति में भी गुटबाजी और तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं।
वीरवार को फतेहगढ़ साहिब में लोकसभा हलके के पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचे सांसद डा. अमर सिंह को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब बैठक के बाद जाने के दौरान रणजीत सिंह के परिजनों ने उन्हें घेर लिया।
-1793285185505.webp)
परिजनों ने घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सांसद परिजनों को तुरंत भीतर ले गए और करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत की। मुलाकात के बाद बाहर आए सांसद डॉ. अमर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में घटना की निंदा करते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के साथ इस प्रकार के अभद्र व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि बरिंदर सिंह ढिल्लों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पार्टी हाईकमान को पत्र लिखा जाएगा। हालांकि यहां जिक्रयोग है कि रणजीत तरखान माजरा ने जो वीडियो संदेश जारी किया था उसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था उनके साथ मारपीट के समय पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह और सांसद डॉ. अमर सिंह कांग्रेस भवन में मौजूद थे। जबकि सांसद ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी आज ही मिली।
इस विवाद में जिला कांग्रेस भी खुलकर रणजीत तरखान माजरा के समर्थन में उतर आई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरिंदर सिंह रामगढ़ और बस्सी पठाना हलके के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने घटना की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए ढिल्लों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेता डॉ. हरबंस लाल पहुंचे हालचाल जानने
कांग्रेस की इस अंदरूनी खींचतान के भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री डा. हरबंस लाल वीरवार सुबह रणजीत सिंह तरखान माजरा के घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना।
गौरतलब है कि डॉ. हरबंस लाल कांग्रेस शासनकाल में मंत्री रह चुके हैं और उस समय तरखान माजरा को उनका बेहद करीबी माना जाता था। भाजपा नेता की इस दस्तक ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
