कॉपी::दुबई और न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर लाखों ठगे
दिल्ली के उत्तम नगर में नजफगढ़ रोड स्थित प्राइम वीजा कंपनी पंजाब के लोगों को दुबई और न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर ठग रही है।
संवाद सहयोगी, सरहिद : दिल्ली के उत्तम नगर में नजफगढ़ रोड स्थित प्राइम वीजा कंपनी पंजाब के लोगों को दुबई और न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर ठग रही है। जालंधर, फतेहगढ़ साहिब और खन्ना में अब तक कंपनी कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठे जा चुके हैं। अब इस कंपनी के संचालक अब्दुल सितार मतानिया निवासी बुल्लेपुर रोड खन्ना के खिलाफ फतेहगढ़ साहिब के थाना मूलेपुर में केस दर्ज किया गया है।
यह मामला गांव रियोणा भोला के रहने वाले कुलवंत सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी मुलाकात कंपनी के संचालक अब्दुल सितार मतानिया से हुई थी। कंपनी ने पहले उसे दुबई भेजने का झांसा दिया। उसे नकली वीजा व टिकट दी गई। जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पर गया तो उसे वहां काफी देर रोककर पूछताछ की गई और फिर छोड़ा गया।
इसके बाद जब उसने कंपनी से पूछा तो उसे दोबारा न्यूजीलैंड भेजने का वादा किया गया। इसके बाद न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही उसकी पौने तीन लाख की रकम वापस की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि कंपनी ने उसके दोस्त से भी विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपयों की ठगी की है। कंपनी जालंधर, फतेहगढ़ साहिब और खन्ना में भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुकी है।