दो अक्टूबर को दिल्ली में होगी राष्ट्रीय किसान कांफ्रेंस : सतनाम सिंह
इंडियन फार्मर्ज एसोसिएशन की बैठक पंजाब अध्यक्ष बलदेव सिंह दमहेड़ी की अध्यक्षता में हुई।
संवाद सहयोगी, फतेहगढ़ साहिब : इंडियन फार्मर्ज एसोसिएशन की बैठक पंजाब अध्यक्ष बलदेव सिंह दमहेड़ी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतनाम सिंह बेहरू विशेष तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर सतनाम सिंह ने कहा कि गत दिनों चले सेशन में खेती संकट पर मौजूदा केंद्र सरकार ने कोई बात नहीं की और न ही विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने विपक्ष का रोल अदा किया, जोकि एक चिता का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि किसान राजनीतिक आस छोड़ कर खुद एक प्लेटफार्म पर इक्ट्ठे हो। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि दो अक्टूबर को देश की 13 प्रमुख किसान जत्थेबंदियों द्वारा नई दिल्ली में लाल बहादुर शास्त्री की समाधि पर राष्ट्रीय किसान कांफ्रेंस होगी। उसमें पंजाब के किसान भी शामिल होंगे। इसके साथ ही उन्होंने मांग करते कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा के लिए राष्ट्रीय फंड जारी करें। उन्होंने मांग करते कहा कि बाढ़ के कारण हुए किसानों के नुकसान के लिए 40 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए। इस अवसर पर हरदीप सिंह, गुरमेल सिंह, सेवा सिंह, बलहार सिंह, हरदेव सिंह, भूपेंद्र सिंह, अमर सिंह, कुलवंत सिंह, रणजीत सिंह, लखविदर सिंह, भजन सिंह, बलदीप सिंह आदि उपस्थित थे।