विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में दर्दनाक सड़क हादसा, गुरुद्वारे से लौट रहे बुजुर्ग दंपति को ट्रक ने मारी टक्कर; मौत

Published: Wed, 26 Aug 2026 10:52 AM (IST)

फतेहगढ़ साहिब में गुरुद्वारा से लौट रहे एक बुजुर्ग दंपति की सड़क हादसे में मौत हो गई।

क्षतिग्रस्त स्कूटी (जागरण फोटो)

क्षतिग्रस्त स्कूटी (जागरण फोटो)

HighLights

  1. फतेहगढ़ साहिब में बुजुर्ग दंपति की सड़क हादसे में मौत

  2. गुरुद्वारा से लौटते समय तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

  3. पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया

दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहब में माथा टेक कर वापस लौट रहे एक बुजुर्ग पति-पत्नी की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर 41-बी निवासी धर्मवीर सिंह (70) और उनकी पत्नी शशि बाला (69) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, धर्मवीर सिंह अपनी पत्नी शशि बाला के साथ स्कूटी पर सवार होकर गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहब में नतमस्तक होने आए थे। धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के बाद जब वे अपनी स्कूटी से वापस चंडीगढ़ की ओर लौट रहे थे, तभी सरहिंद- मोरिंडा रोड पर स्थित गांव आलमपुर के पास यह हादसा हुआ।

अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर

सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी स्कूटी को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दंपति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना बस्सी पठाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मामले की जानकारी देते हुए थाना बस्सी पठाना के सहायक थानेदार हरपिंदर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

आरोपी ट्रक चालक, जिसकी पहचान दलजीत सिंह के रूप में हुई है, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।