भाजपा शुरू करेगी 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' कैंपेन
भारतीय जनता पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है।
संवाद सहयोगी, फतेहगढ़ साहिब : भारतीय जनता पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। जिसके संबंधी में जिला पदाधिकारियों की एक बैठक सरहिद में जिला प्रधान प्रदीप गर्ग की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदीप गर्ग ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। जिसके लिए उन्होंने जिला फतेहगढ़ साहिब के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर बूथ लेवल तक पार्टी को मजबूत करने के लिए 'मेरा बूथ सबसे मजबूत कैंपेन' की शुरुआत करने के लिए सुझाव मांगे हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए बूथ कमेटी का गठन भी किया जाएगा। गर्ग ने कहा कि इस समय भारतीय जनता पार्टी देश में सबसे बड़ी पार्टी है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग किसान आंदोलन की आड़ में राजनीति कर रहे हैं। जबकि मोदी सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार काम कर रही है। गर्ग बोले-हरियाणा में जानबूझ कर प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जबकि मोगा में भी किसानों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया तब तो कोई किसान और नेता कुछ नहीं बोला। जब हरियाणा में लॉ एंड आर्डर को सुचारू रखने के लिए पुलिस बल प्रयोग करती है तो उसके विरोध में धरने लगा दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार भी बनाएगी। इस अवसर पर रविदर सिंह पदम, सरहिद मंडल अध्यक्ष अंकुर शर्मा, डा. हरबंस लाल, शशी भूषण गुप्ता, शशी भूषण उप्पल, नीरज सूद, योगेश रत्न, मुनीश कपिल, अशोक धीमान, विनय गुप्ता, नरेश सरीन, हरीश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।