हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी अनियंत्रित होकर टकराई, 2 की मौके पर मौत; 16 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल
सरहिंद के माधोपुर चौक के पास हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं से भरे एक छोटे हाथी की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई।
-1786874804899_m.webp)
हरिद्वार जा रहे श्रद्धालुओं से भरा वाहन टकराया (फोटो: जागरण)
HighLights
सरहिंद में श्रद्धालुओं से भरे वाहन का एक्सीडेंट हुआ।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सोलह श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती हैं।
दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। लुधियाना से हरिद्वार धार्मिक स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक छोटा हाथी सरहिंद के माधोपुर चौक के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी देते हुए थाना सरहिंद के सहायक थानेदार तिलक राज ने बताया कि मृतकों की पहचान लुधियाना के बबलू कुमार (28) और आशीष कुमार (12) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में भर्ती कराया गया।
घायलों में से कुछ की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी, जिन्हें डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सरहिंद पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों की सही जानकारी जुटाने और फरार वाहन का सुराग लगाने के लिए पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
छोटे हाथी के चालक ने हादसे की आप बीती बताते हुए कहा कि वे लुधियाना से श्रद्धालुओं को लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। जैसे ही उनकी गाड़ी सरहिंद के पास माधोपुर चौक के करीब पहुंची, तभी आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन ने अचानक उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क हादसे का शिकार हो गया।
