निचले स्तर पर भी शिअद के खिलाफ भाजपाइयों ने खोला मोर्चा
अश्वनी शर्मा के ताजपोशी समारोह में कुछ नेताओं ने अकाली-भाजपा गठबंधन के लिए मुसीबतें खड़ी कर दीं।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब : जालंधर में भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा के ताजपोशी समारोह के दौरान कुछ नेताओं के भाषण ने अकाली-भाजपा गठबंधन के लिए नई मुसीबतें खड़ी कर दीं। इन नेताओं के गर्मजोशी में दिए भाषण का असर निचले स्तर पर भी खुलकर सामने आने लगा है। भाजपा सरहिद मंडल में पार्टी नेताओं ने भी शिअद के खिलाफ मोर्चा खोला। मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि जालंधर में पार्टी नेताओं ने बिल्कुल सच्चाई बयां की है। शिअद नेता भाजपा वर्करों को मान सम्मान नहीं देते। हर बार ऐसा समझा जाता है कि जैसे शिअद अपने दम पर ही चुनाव जीतता है। इसमें भाजपा का रोल कभी शिअद ने जनता के सामने भी नहीं रखा। अब जहां देश भर में भाजपा ने अपनी जीत का परचम फहराया है। ऐसे में जरूरत है कि पंजाब में भी अपनी ताकत दिखाई जाए। यहां शशि भूषण गुप्ता, विनोद गुप्ता भी उपस्थित थे।