विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदकोट में अज्ञात महिला का शव अस्पताल में छोड़ फरार हुए युवक; पहचान न होने से जांच तेज

Published: Fri, 27 Mar 2026 12:44 PM (IST)

फरीदकोट में दो युवक अज्ञात महिला को अस्पताल लाए, मृत घोषित होने पर फरार हो गए। महिला की पहचान नहीं ...और पढ़ें

मृतक महिला के हाथ में बना टेटू।

मृतक महिला के हाथ में बना टेटू।

HighLights

  1. अज्ञात महिला का शव फरीदकोट अस्पताल में छोड़ा गया।

  2. दो युवक महिला को मृत घोषित होते ही फरार हुए।

  3. पुलिस पहचान और घटना की जांच कर रही है।

संवाद सहयोगी, फरीदकोट। पंजाब के फरीदकोट में एक संदिग्ध मामला सामने आया है, जहां दो अज्ञात युवक एक महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे मृत घोषित किए जाने के बाद वहां से फरार हो गए। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात दो युवक एक महिला को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लेकर आए थे। उन्होंने चिकित्सकों से महिला का उपचार करने की बात कही। जब चिकित्सकों ने महिला की जांच की तो वह मृत पाई गई। इसके बाद दोनों युवकों ने बहाना बनाया कि वे अपनी मोटरसाइकिल को खड़ा करके आते हैं, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे।

अस्पताल प्रबंधन को जब शक हुआ तो उन्होंने तुरंत इस संबंध में पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें- दुबई में लापता हुआ पंजाब का नेशनल लेवल का वॉलीवॉल प्लेयर; पत्नी लौटी, परिवार को भेजा डेथ सर्टिफिकेट

महिला की उम्र 35 से 38 साल के बीच

इस मामले में थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर राजवंत सिंह ने बताया कि अभी तक मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। महिला की उम्र लगभग 35 से 38 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसका कद करीब 5 फुट 4 इंच है और उसने पीले रंग का सफेद फूलों वाला सलवार-कमीज पहना हुआ था।

उन्होंने बताया कि महिला की दाहिनी बाजू पर सुरमे से ‘एनके’ लिखा हुआ है, जबकि बाजू के पीछे की ओर एक लंबा टैटू बना हुआ है। इसके अलावा उसके शरीर पर एलर्जी के निशान भी पाए गए हैं।

यह भी पढ़ें- खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह को हाईकोर्ट से झटका; संसद सत्र में शामिल होने की पैरोल याचिका खारिज

महिला के शरीर पर नहीं मिले संदिग्ध निशान

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट, गला घोंटने या ताजा जख्म के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और अस्पताल में लगे निगरानी साधनों की सहायता से उन युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि युवकों की पहचान होते ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई इस महिला की पहचान या घटना से जुड़ी जानकारी देता है, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करे।

यह भी पढ़ें- पंजाब के मोगा में तालिबानी क्रूरता, युवक को दुकान में बंद कर बेरहमी से पीटा; पीड़ित की हालत गंभीर