फरीदकोट में 21 लीटर से अधिक देसी घी से भरा टैंकर जब्त, जांच के लिए लैब भेजा गया सैंपल
फरीदकोट जिले में स्वास्थ्य विभाग ने कोटकपूरा में 21,550 लीटर संदिग्ध देसी घी से भरे एक टैंकर को जब्त किया है।
-1789149278549_m.webp)
फरीदकोट में 21,550 लीटर संदिग्ध देसी घी से भरा टैंकर जब्त।
HighLights
फरीदकोट में 21,550 लीटर संदिग्ध देसी घी जब्त किया गया।
टैंकर ग्रेटर नोएडा से कोटकपूरा की फैक्ट्री जा रहा था।
घी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए, कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। फरीदकोट जिले में स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध देसी घी की बड़ी खेप को लेकर कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने सूचना के आधार पर कोटकपूरा में एक फैक्ट्री के बाहर पहुंचे 21,550 लीटर संदिग्ध देसी घी से भरे टैंकर को अपने कब्जे में लिया है। टैंकर ग्रेटर नोएडा से कोटकपूरा स्थित देसी घी की फैक्ट्री में सप्लाई के लिए पहुंचा था।
जीएसटी विभाग के इंटेलिजेंस विंग को सूचना मिली थी कि ग्रेटर नोएडा से एक टैंकर में संदिग्ध देसी घी भरकर कोटकपूरा लाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद जीएसटी विभाग ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वीरवार रात फूड कमिश्नर अमित जोशी के नेतृत्व में चंडीगढ़ से टीम कोटकपूरा पहुंची।
चंडीगढ़ की टीम ने फरीदकोट के फूड सेफ्टी अफसर नवदीप सिंह चहल के नेतृत्व वाली टीम के साथ मिलकर फरीदकोट रोड स्थित देसी घी की फैक्ट्री में पहुंचे टैंकर की जांच की। जांच के बाद टैंकर को कब्जे में ले लिया गया। विभागीय टीम ने टैंकर में मौजूद देसी घी के अलग-अलग सैंपल भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
फूड सेफ्टी अफसर नवदीप सिंह चहल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि टैंकर में करीब 21,550 लीटर संदिग्ध देसी घी पाया गया है। इसके सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि देसी घी की गुणवत्ता और मानकों को लेकर स्थिति सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल टैंकर विभाग के कब्जे में है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। लैब रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
