प्रेरणा देती है भगवान कृष्ण की लीलाएं : गौरी भारती
श्री दुर्गा माता मंदिर देवस्थानम द्वारा कोटकपूरा शहर में सात दिवसीय श्रीकृष्ण की कथा में शामिल हुए।
संवाद सूत्र, कोटकपूरा
श्री दुर्गा माता मंदिर देवस्थानम द्वारा कोटकपूरा शहर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। समागम के तीसरे दिन कथा प्रसंग की चर्चा करते हुए सर्वश्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी गौरी भारती ने भक्तों को बताया के भगवान श्रीकृष्ण जी की अनेक लीलाएं हमें कुछ न कुछ प्रेरणा देती है। वह हमें अपने लक्ष्य की ओर ले जाती है। भगवान श्री कृष्ण जी का अलौकिक प्रेम और उनकी दया प्रत्येक प्राणी को शीतल कर देती है। वह हर एक व्यक्ति को प्रेमभाव के सागर में डुबोकर उसे संसार रूपी भवसागर से पार कर देते हैं। उनका जीवन चरित्र हमें यह सिखाता है कि हम बंधनों में ना बंध कर बल्कि इनसे आजाद होकर उस परम सत्ता को अपने भीतर साक्षात्कार कर लें।
प्रभु हमें 84 लाख योनियों के आवागमन के चक्कर से मुक्त करवा देते हैं। प्रभु को हम अपने भीतर छुपे भोले भाव से पा सकते हैं। जो व्यक्ति अपने अंदर छल कपट रखता है, तो वह सदैव भगवान से दूर और संसार के करीब हो जाता है। इसलिए जब हम सभी के अवगुण ना देखते हुए सब में गुणों को देखेंगे तो हमें हर एक व्यक्ति में प्रभु का वास नजर आएगा और हम सभी से प्रेम करेंगे।
कथा के दौरान ज्योति प्रज्वलित की रस्म को विशेष तौर पर आशोक दिओड़ा (प्रधान), राजू कुमार कक्कड़, ओम प्रकाश, भुपिदर कुमार, विजय कुमारी, लक्ष्मी देवी महिला मंडल प्रधान, गुरमीत सिंह पंजाब पुलिस द्वारा पूर्ण की गई। अंत में साध्वी बहनों द्वारा सुमधुर भजनों का गायन किया गया और प्रभु की पावन पुनीत आरती के साथ समापन किया गया।