विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के फरीदकोट में ड्रोन से हथियार मंगवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, आरोपियों से 10 पिस्तौल बरामद

Published: Thu, 17 Sep 2026 08:34 AM (IST)

फरीदकोट पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय हथियार गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके ...और पढ़ें

पंजाब के फरीदकोट में ड्रोन से हथियार मंगवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश (प्रतीकात्मक फोटो)

पंजाब के फरीदकोट में ड्रोन से हथियार मंगवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. फरीदकोट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार गिरोह का भंडाफोड़ किया

  2. तीन आरोपियों से 10 पिस्तौल बरामद, ड्रोन से मंगवाए गए थे

  3. आरोपियों से पूछताछ जारी, हथियार स्रोत और नेटवर्क की जांच

जागरण संवाददाता, फरीदकोट। फरीदकोट पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार गिरोह से जुड़े एक मामले का खुलासा करते हुए तीन व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 10 पिस्टल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हथियारों की खेप कथित तौर पर ड्रोन के जरिए सीमा पार से मंगवाई गई थी।

जानकारी के अनुसार, फरीदकोट पुलिस की एक टीम गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि एक अंतरराष्ट्रीय हथियार गिरोह द्वारा पड़ोसी देश से ड्रोन के माध्यम से हथियार मंगवाए जाते हैं।

पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति भारी मात्रा में हथियार लेकर मॉडर्न केंद्रीय जेल फरीदकोट के आसपास के क्षेत्र में पैदल घूम रहे हैं। ये लोग कथित तौर पर हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने अथवा आगे सप्लाई करने की फिराक में थे।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को काबू कर उनके कब्जे से 10 पिस्टल बरामद किए। इसके बाद थाना सिटी फरीदकोट में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आरोपितों की पहचान श्री अमृतसर साहिब निवासी राजबीर सिंह उर्फ अमित पुत्र भूपेंद्र सिंह, अमर सिंह उर्फ अमर पुत्र अमरीक सिंह तथा दीप सिंह उर्फ दीपक के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा अब आरोपितों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत, सीमा पार से हथियार मंगवाने के तरीके तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियारों की सप्लाई कहां की जानी थी और गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।