संवाद सहयोगी, फरीदकोट: जिले के गांव भाग सिंह वाला में प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किश्त की राशि खर्च होने का सर्टिफिकेट जारी करने के लिए महिला सरपंच के पति को विजिलेंस ने पांच हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जबकि इसी मामले में रिश्वत मांगने के दूसरे आरोपित ग्राम रोजगार सहायक को भी विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि गाव भाग सिंह वाला निवासी हरबंस सिंह के परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कच्चे मकान से पक्के मकान बनाने की ग्रांट मनजूर हुई थी।
यह ग्रांट लाभार्थी को तीन किश्तों में दी जाती है। हरबंस सिंह को तीन किश्तों में से दो किश्तें आ चुकी थी। जबकि तीसरी किश्त लेने के लिए उसे पहले दूसरी ग्रांट के खर्च होने का सर्टिफिकेट अपलोड करवाना था। उसके पश्चात ही तीसरी किश्त मिलनी थी। इसी सर्टिफिकेट को बनाने के लिए उसके द्वारा महिला सरपंच के पति गुरप्रीत सिंह व ग्राम रोजगार सहायक गुरप्रीत सिंह वासी बीहलेवाला से संपर्क किया गया तो उनके द्वारा संयुक्त तौर पर दस हजार रूपये की रिश्वत की मांग की गई।
रिश्वत दो किश्तों में देने की बात तय की गई
जिसके चलते हरबंस सिंह ने उन्हें यह रिश्वत दो किश्तों में देने की बात तय कर ली और पहली किश्त आज देनी तय की। इससे पूर्व हरबंस सिंह द्वारा विजिलेंस को इस मामले के बारे में सूचना दे दी गई। जिसके तहत आज जब हरबंस सिंह ने मांगी गई रिश्वत की पहली पांच हजार रूपये की किश्त महिला सरपंच के पति गुरप्रीत सिंह को दी तो विजिलेंस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इसके पश्चात विजिलेंस द्वारा दूसरे आरोपित ग्राम रोजगार सहायक गुरप्रीत सिंह वासी बीहलेवाला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपितों के खिलाफ फिरोजपुर के विजिलेंस थाने में मामला दर्ज करके अगामी कार्रवाई शुरु कर दी गई है।