डॉ. राजिंदर कुमार बंसल बने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के नए कुलपति, तीन साल का होगा कार्यकाल
पंजाब के राज्यपाल ने डॉ. राजिंदर कुमार बंसल को बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज का नया कुलपति नियुक्त किया ...और पढ़ें

डॉ. राजिंदर कुमार बंसल बने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के नए कुलपति। फाइल फोटो
HighLights
डॉ. राजिंदर कुमार बंसल बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के नए कुलपति नियुक्त।
राज्यपाल ने तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए नियुक्ति की।
वर्तमान में सीनियर कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट के तौर पर कार्यरत हैं।
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, फरीदकोट को नया कुलपति मिल गया है। पंजाब के राज्यपाल एवं बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के कुलाधिपति ने डॉ. राजिंदर कुमार बंसल को विश्वविद्यालय का नया वाइस चांसलर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पूर्व वाइस चांसलर डॉ राजीव सूद के कार्यकाल पूरा होने के पश्चात की गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल सचिवालय, लोक भवन चंडीगढ़ की ओर से 23 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्ति बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज एक्ट, 1998 की धारा 14(2) के तहत की गई है।
अधिसूचना के मुताबिक डॉ. राजिंदर कुमार बंसल का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा। उनकी नियुक्ति से संबंधित नियम एवं शर्तें अलग से अधिसूचित की जाएंगी।
डॉ. राजिंदर कुमार बंसल वर्तमान में सीनियर कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट, मेडिकल डायरेक्टर एवं हेड क्लिनिकल सर्विसेज, आर.जी. हॉस्पिटल, फिरोजपुर रोड, लुधियाना के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं।
राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी आदेश की प्रतियां मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के प्रशासनिक सचिव, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार तथा पंजाब के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशक सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।
डॉ. राजिंदर कुमार बंसल की नियुक्ति के बाद बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कामकाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
