पृथ्वी को बचाने के लिए जरूर लगाएं पौधे
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से संचालित नेचुरल केयर चाइल्ड ने पौधे लगाए।
संवाद सहयोगी, फरीदकोट : महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सहयोग से संचालित नेचुरल केयर चाइल्ड लाइन फरीदकोट की टीम ने कोटकपूरा निरोग बाल आश्रम में बच्चों के साथ पृथ्वी दिवस मनाया। सबसे पहले चाइल्ड लाइन टीम सेंटर कोआर्डिनेटर सोनिया रानी ने बच्चों को चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अगर कोई भी बच्चा मुसीबत में हो तो आप चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर जानकारी देकर मदद ले सकते हैं। इसके उपरांत बच्चों को पृथ्वी दिवस के बारे में जानकारी दी गई और बताया गया कि यह एक वार्षिक आयोजन है, जिसे 22 अप्रैल को दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्थन प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया जाता है। पृथ्वी दिवस का महत्व इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि, इस दिन हमें ग्लोबल वार्मिंग के बारे में पर्यावरणविदों के माध्यम से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव का पता चलता है। पृथ्वी दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को पृथ्वी और पर्यावरण के संरक्षण जरूर करना है। मौजूदा समय में ग्लेशियर पिघल रहे हैं, ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रहा है और प्रदूषण भी खूब बढ़ रहा है। इन सभी से पृथ्वी नष्ट हो रही है। ऐसी स्थिति में पृथ्वी की गुणवत्ता, उर्वरकता और महत्ता को बनाए रखने के लिए हमें पर्यावरण और पृथ्वी को सुरक्षित रखने की जरूरत है। इसके लिए हमें ज्यादा से ज्यादा पेड़ पौधे लगाने चाहिए। क्योंकि इसके द्वारा हम पृथ्वी पर प्रदूषण को कम कर सकते हैं। बच्चों से पौधा लगवाकर पृथ्वी को हरा भरा रखने का संदेश दिया गया है। इस अवसर पर बच्चों को मास्क बांटे गए और कोविड़ 19 की जानकारी दी गई। सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए बच्चों से ड्राइंग प्रतियोगिता भी करवाई गई। जिसमें विजेता रहने वाले बच्चे अतुल शर्मा ने पहला स्थान, सोमनाथ कुमार ने दूसरा, अनिल कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर चाइल्ड सेंटर कोआर्डिनेटर सोनिया रानी, टीम मेंबर गगनदीप कौर, पलविदर कौर, सुभाष चंद, निरोग बाल आश्रम के प्रधान सतपाल अरोड़ा, मैनेजर बलदेव शर्मा, उपस्थिति थे।