फरीदकोट में 4.27 लाख रुपये की लूट का मामला सुलझा, फ्लिपकार्ट कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड; तीन गिरफ्तार
फरीदकोट पुलिस ने फ्लिपकार्ट कर्मचारी से हुई 4.27 लाख रुपये की लूट का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने तीन ...और पढ़ें

फरीदकोट में 4.27 लाख रुपये की लूट का मामला सुलझा, तीन आरोपित गिरफ्तार।
HighLights
फरीदकोट में 4.27 लाख रुपये की लूट का मामला सुलझा।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी बरामद की।
लूट की साजिश में फ्लिपकार्ट का डिलीवरी ब्वॉय शामिल।
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। फरीदकोट पुलिस ने स्थानीय कोटकपूरा रोड पर गत दिनों फ्लिपकार्ट कंपनी के कर्मचारी से हुई 4.27 लाख रुपये लूट के मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 11 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। मामले में सामने आया है कि इस लूट की साजिश कंपनी के डिलीवरी ब्वाय ने ही रची थी।
इस संबंध में एसपी (इन्वेस्टिगेशन) नरिंदर सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस द्वारा लूटपाट और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गत 21 अक्टूबर को फ्लिपकार्ट कंपनी का कर्मचारी विक्रम सिंह बैग में 4 लाख 27 हजार 800 रुपये लेकर बैंक में जमा करवाने के लिए कार्यालय से अपनी बाइक पर निकला था।
इसी दौरान कोटकपूरा रोड पर घोड़ा चौक के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर आए आरोपितों ने उसे स्कूटी से गिरा दिया और नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करने के पश्चात ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साधनों की सहायता से जांच शुरू की। जिसके आधार पर पुलिस ने स्थानीय डोगर बस्ती निवासी गुरजोत सिंह उर्फ गगना पुत्र जोगिंदर सिंह, न्यू कैंट रोड निवासी बिक्रमजीत सिंह पुत्र जतिंदर सिंह तथा दशमेश नगर निवासी मनीष सिंह पुत्र भोला सिंह को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपित गुरजोत सिंह भी फ्लिपकार्ट में डिलीवरी ब्वाय के तौर पर कार्यरत था और जैसे ही उसका सहकर्मी बैंक में जमा पैसे करवाने के लिए निकला तो उसने अपने साथियों को इसकी सूचना दे दी थी। जिसके पश्चात अन्य दो ने रास्ते में वह बैग छीन लिया था। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपितों को कोई क्रिमिनल रिकार्ड नहीं है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से 4 लाख 11 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है।
इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली गई हैं। एसपी ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया की जा रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
