गली में खेल रहे दो साल के मासूम पर चढ़ा दी थार, GMCH में तोड़ा दम; मोहाली के जीरकपुर में दर्दनाक घटना
जीरकपुर में एक दर्दनाक हादसे में थार गाड़ी की टक्कर से दो साल के बच्चे आरिशान की मौत हो गई। ...और पढ़ें

मोहाली जिले जीरकपुर में हादसा। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पत्नी ने फोन कर दी बेटे के साथ हादसे की सूचना।
ड्राइवर पर लापरवाही और धमकाने का आरोप।
पुलिस ने जांच शुरू की, सच्चाई सामने आएगी।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। मोहाली जिले के चंडीगढ़ और पंचकूला से सटे जीरकपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई। गली में खेल रहे दो साल के मासूम पर थार गाड़ी चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल आरिशान को चंडीगढ़ सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के पिता ने थार चला रहे रुस्तम पर लापरवाही से गाड़ी चलाने, अस्पताल में धमकाने और हादसे की असली वजह छिपाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।
मोहम्मद असलम ने बताया कि मजदूरी करता है और रिश्तेदार के घर परिवार के साथ रहता है। शाम करीब छह बजे पत्नी सबनम का फोन आया कि गली में खेल रहे आरिशान को एक गाड़ी ने कुचल दिया है।
असलम तुरंत घर पहुंचा और आरिशान को जीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि थार ड्राइवर रुस्तम अस्पताल में 5 से 7 लोगों के साथ पहुंचा और बच्चे की मौत गाड़ी की टक्कर से नहीं, बल्कि छत से गिरने से होने की बात कही।
असलम ने रुस्तम पर धमकाने का आरोप भी लगाया है। असलम ने बताया कि बेटे की अचानक मौत से परिवार सदमे में था, इसलिए वह तुरंत पुलिस को बयान नहीं दे सका। 15 अक्टूबर को वह पत्नी और रिश्तेदारों के साथ जीरकपुर पुलिस थाने पहुंचा।
शिकायत के अनुसार, उसकी पत्नी ने थार का नंबर बताया और आरोप लगाया कि गाड़ी रुस्तम चला रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों, ड्राइवर की भूमिका और धमकाने के आरोपों की जांच कर रही है।
