मोहाली में पिकअप से निजी वाहन में शिफ्ट हो रहा था पनीर, राहगीरों ने बुलाई पुलिस; सैंपल से खुलेगा राज
त्योहारों से पहले जीरकपुर में सड़क पर एक वाहन से दूसरे वाहन में पनीर शिफ्ट करते देख राहगीरों ने पुलिस ...और पढ़ें

के-एरिया लाइट प्वाॅइंट से सुखना चौक के बीच वाली सड़क पर एक वाहन से दूसरे में पनीर किया जा रहा था शिफ्ट। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
जीरकपुर में सड़क पर पनीर शिफ्टिंग का मामला सामने आया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने वाहनों को थाने पहुंचाया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर के नमूने जांच के लिए सील किए।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही दूध, पनीर और मिठाइयों की मांग बढ़ने वाली है। इससे पहले जीरकपुर में सड़क किनारे एक वाहन से दूसरे वाहन में पनीर शिफ्ट किए जाने का मामला सामने आया है।
के-एरिया लाइट प्वाॅइंट से सुखना चौक के बीच एक महिंद्रा पिकअप से पनीर निकालकर निजी वाहन में रखा जा रहा था। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसे देखा तो वीडियो बनाकर ढकोली पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर ढकोली पुलिस की पीसीआर मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों वाहनों और उनके चालकों को ढकोली थाने ले गई। इसके बाद फूड सेफ्टी विभाग को मामले की जानकारी दी गई। दोपहर बाद विभाग की टीम थाने पहुंची और पनीर के नमूने लेकर सील किए।
अब नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि पनीर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि त्योहारों के दौरान पनीर और दूध से बने उत्पादों की खपत कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे समय में इनकी गुणवत्ता के साथ भंडारण और परिवहन के दौरान स्वच्छता की निगरानी भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
सैंपल पास हुआ तो भी उठेगा सवाल
मामले में केवल पनीर की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि उसे एक वाहन से दूसरे वाहन में शिफ्ट किए जाने की परिस्थितियां भी जांच का विषय हैं। लैब रिपोर्ट में नमूना मानकों पर खरा उतरता है तो भी यह स्पष्ट किया जाना जरूरी होगा कि पनीर किस स्थान से लाया गया था, कहां पहुंचाया जाना था और जिस तरीके से उसे स्थानांतरित किया जा रहा था।
पनीर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्धारित नियमों के अनुरूप था या नहीं। वहीं, यदि नमूना जांच में मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो संबंधित सप्लायर अथवा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभाग क्या कार्रवाई करता है, इस पर भी नजर रहेगी।
