विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जीरकपुर में अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे बना देह व्यापार का अड्डा, 500 रुपये में सौदा; लूटपाट की घटनाएं भी बढ़ी

Published: Sun, 04 Oct 2026 01:07 PM (IST)

जीरकपुर में चंडीगढ़-अंबाला नेशनल हाईवे पर संदिग्ध गतिविधियों हो रही हैं। यहां 500 रुपये तक में सौदेबाजी और लूटपाट की ...और पढ़ें

मेट्रो से विप चौक की तरफ जाने वाले रास्ते पर हो रही सौदेबाजी।

मेट्रो से विप चौक की तरफ जाने वाले रास्ते पर हो रही सौदेबाजी।

HighLights

  1. जीरकपुर हाईवे पर देह व्यापार और संदिग्ध गतिविधियां बढ़ीं।

  2. 500 रुपये तक में सौदेबाजी, लूटपाट की घटनाएं भी सामने आईं।

  3. पुलिस ने मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मेजर अली, जीरकपुर (मोहाली)। जीरकपुर में चंडीगढ़-अंबाला नेशनल हाईवे और उससे जुड़ी कुछ प्रमुख सड़कों पर रात संदिग्ध गतिविधियां होती हैं। इससे लोग काफी परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर महिलाएं और किन्नर देर शाम से सड़क किनारे खड़े होकर देह व्यापार के लिए ग्राहकों से संपर्क करते हैं।

लोगों का दावा है कि कई बार 500 रुपये तक में सौदे की पेशकश की जाती है। इससे कई बार लूटपाट की घटनाएं भी हो चुकी हैं। वहीं, सड़क किनारे वाहन खड़े रहने से ट्रैफिक प्रभावित रहता है। साथ ही आसपास के एरिया में रहने वाले परिवारों को महिलाओं और बच्चों के साथ इन रास्तों से गुजरते समय असहज महसूस होता है।

कार्रवाई होती है, फिर लौट आते हैं

लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस की गाड़ी पहुंचने पर संदिग्ध लोग कुछ समय के लिए वहां से हट जाते हैं, लेकिन पुलिस के जाने के बाद फिर उसी स्थान पर लौट आते हैं। लोगों की मांग है कि केवल कुछ मिनट की गश्त के बजाय ऐसे स्थानों की नियमित निगरानी की जाए।

लूटपाट की घटनाएं भी हो रही

व्यापारी मुकेश कुमार, रिंकू गोयल समेत स्थानीय लोगों का कहना है कि देह व्यापार के बहाने राहगीरों अथवा वाहन चालकों को सुनसान स्थानों पर बुलाकर लूटपाट भी की जाती है। पहले ग्राहकों से सौदेबाजी की जाती और बाद में विवाद अथवा छीना-झपटी जैसी घटनाएं सामने आती हैं।

शहर छोड़ने तक की बात कह रहे कुछ परिवार

स्थानीय लोगों का दावा है कि लगातार बन रहे माहौल से कुछ परिवार इतने परेशान हैं कि उन्होंने दूसरे इलाकों में शिफ्ट होने तक पर विचार किया है। लोगों का कहना है कि जीरकपुर तेजी से विकसित हो रहा शहर है और मुख्य सड़कों पर इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें शहर की छवि और सार्वजनिक सुरक्षा दोनों के लिए चिंता का विषय हैं।

थाना प्रभारी ने किया सख्त कार्रवाई का दावा

जीरकपुर थाना प्रभारी जसबीर सिंह तूर ने कहा कि यह मामला अभी उनकी जानकारी में आया है। यदि शहर में किसी भी स्थान पर इस तरह की गैरकानूनी गतिविधि चल रही है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। मामला सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।