मोहाली में पीजी की आड़ में देह व्यापार का आरोप, होटल संचालक समेत चार पर केस
ज़ीरकपुर पुलिस ने पटियाला रोड स्थित एक होटल में पीजी की आड़ में देह व्यापार चलाने के आरोप में होटल संचालक समेत चार लोगों पर मामला दर्ज किया है।

होटल में पीजी की आड़ में देह व्यापार करवाने के आरोप में कार्रवाई। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
ज़ीरकपुर के होटल में देह व्यापार का खुलासा।
होटल संचालक समेत चार लोगों पर केस दर्ज।
मानव तस्करी के पहलू की भी होगी गहन जांच।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। पटियाला रोड स्थित एक होटल में पीजी की आड़ में देह व्यापार करवाने के आरोप में जीरकपुर पुलिस ने होटल संचालक समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपितों पर अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं तीन, चार और पांच के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार पांच सितंबर की रात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि पटियाला रोड पर केनरा बैंक के ऊपर स्थित वीआईपी होटल एंड पीजी में देह व्यापार चल रहा है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय निवासी मानसा, मनीष निवासी दिड़बा, गुरविंदर सिंह निवासी मानसा और राजन कुमार निवासी सिरसा, हरियाणा के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि ये लोग रोजगार दिलाने का झांसा देकर युवतियों को जीरकपुर लाकर उनसे देह व्यापार करवाते थे।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस नियंत्रण कक्ष को भी सूचित किया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
