विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला को टक्कर मारी और कार लेकर हो गया फरार, मोहाली के जीरकपुर में ड्राइवर पर 19 दिन बाद FIR

Published: Mon, 14 Sep 2026 07:22 PM (IST)

जीरकपुर के कालका चौक पर एक एक्टिवा सवार महिला को कार ने टक्कर मार दी। घटना के 19 दिन बाद ...और पढ़ें

कालका चौक स्थित बिग बाजार के सामने हुए हादसे में एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

कालका चौक स्थित बिग बाजार के सामने हुए हादसे में एफआईआर। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. कालका चौक पर एक्टिवा सवार महिला को कार ने टक्कर मारी।

  2. महिला गंभीर रूप से घायल हुई, एक्टिवा भी क्षतिग्रस्त हो गई।

  3. 19 दिन बाद कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। कालका चौक स्थित बिग बाजार के सामने एक्टिवा सवार महिला को पीछे से कार द्वारा टक्कर मारने के मामले में जीरकपुर पुलिस ने करीब 19 दिन बाद कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।

घायल महिला के बयान पर कार ड्राइवर बलटाना निवासी सुशील के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंचकूला के सेक्टर-26 निवासी करीब 45 वर्षीय मनजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह निजी काम करती हैं। 24 अगस्त को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह एक्टिवा से घर लौट रही थीं।

शाम करीब छह बजे जैसे ही वह कालका चौक स्थित बिग बाजार के सामने पहुंचीं, पीछे से आ रही एक कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह एक्टिवा समेत सड़क पर गिर गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी एक्टिवा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद कुछ देर रही बेहोश

मनजीत कौर के अनुसार टक्कर के बाद वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गई थीं। वहां मौजूद राहगीरों ने उन्हें संभाला और एक्टिवा को सड़क किनारे किया। इसी दौरान टक्कर मारने वाली कार भी मौके पर रुक गई।

महिला के मुताबिक उनके पास आए व्यक्ति ने अपना नाम सुशील बताया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि इसके बाद ड्राइवर कार लेकर मौके से चला गया।

घायल मनजीत कौर को उपचार के लिए ढकोली स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के बाद दो दिन बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

मनजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उपचार के बाद वह 12 सितंबर को बलटाना पुलिस चौकी पहुंचीं और हादसे के संबंध में अपना बयान दर्ज करवाया। पुलिस ने महिला के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।