पथरी का ऑपरेशन करवाने के बाद महिला की मौत, सामने आई बड़ी लापवाही Chandigarh News
ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही तला के पेट में दर्द होना शुरू हो गया। लेकिन डॉक्टर्स ने पेन किलर का टीका लगाकर मामला शांत कर दिया गया।
जेएनएन, चंडीगढ़। डॉक्टरों की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। सेक्टर-37 निवासी शीतला अपने पति के साथ एक निजी अस्पताल में अपने गाल ब्लैडर में मौजूद पथरी का ऑपरेशन करवाने के लिए गई। लेकिन ऑपरेशन करने के बाद महिला को पहले खून की उल्टी लगी और फिर उसका दिमाग डैमेज हो गया। इसके बाद महिला की रविवार को मौत हो गई। महिला के पति की शिकायत पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये है पूरा मामला
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला के पति रमन कुमार वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी को इलाज के लिए सेक्टर-34 स्थित निजी अस्पताल में लेकर गए थे। उनकी पत्नी शीतला (40) को गाल ब्लैडर में पथरी की शिकायत थी। उनको किसी ने सलाह दी थी कि वह अपनी पत्नी का इलाज इसी अस्पताल में करवाएं। बीते माह 27 सितंबर को अपनी पत्नी को अस्पताल ले गए। जहां उनका अल्ट्रासाउंड कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद चार अक्टूबर की सुबह नौ बजे शीतला का ऑपरेशन शुरू किया गया। ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने बताया कि उनकी पत्नी की गाल ब्लैडर में स्टोन नहीं है। शिकायतकर्ता रमन ने डॉक्टर को बताया गया कि पथरी गाल ब्लैडर में थी। लेकिन डॉक्टर ने गाल ब्लैडर में पथरी होने से इन्कार किया और शिकायतकर्ता को चुप करा दिया।
शिकायतकर्ता ने डॉक्टर को दोबारा उसकी पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए कहा लेकिन डॉक्टर ने ऐसा करने से इन्कार कर दिया। उसी दिन कुछ समय बाद शीतला के पेट में दर्द होना शुरू हो गया। लेकिन डॉक्टर्स ने पेन किलर का टीका लगाकर मामला शांत कर दिया गया। उसके बाद भी शीतला की तबियत और ज्यादा खराब होती रही। पेट में दर्द होने की वजह से पेट भी फूलने लगा।
डॉक्टर को रेफर करने को कहा लेकिन नहीं हुई सुनवाई
पांच अक्टूबर की रात को करीब ढाई बजे शीतला ने खून की उल्टी करनी शुरू कर दी। जिसके बाद डॉक्टर उन्हें इंजेक्शन लगाते रहे, सुबह करीब चार बजे शीतला को आइसीयू में ले जाया गया। पत्नी की तबीयत ज्यादा बिगड़ते देख रमन ने डॉक्टरों को उनकी पत्नी को मैक्स हॉस्पिटल रेफर करने के लिए कहा लेकिन डॉक्टरों ने उनकी एक न सुनी। हालत ज्यादा खराब होते देख छह अक्टूबर को शिकायतकर्ता वहां से अपनी पत्नी को मोहाली स्थित मैक्स अस्पताल लेकर चला गया। वहां शीतला की सर्जरी की गई। सर्जरी में उसकी पत्नी के पेट से स्टोन निकला और अंदर एक आंत भी कटी हुई पाई गई। जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनकी पत्नी को आइसीयू में रखना होगा और उनकी पत्नी के दिमाग ने काम करना बंद कर दिया है। वह डैमेज हो चुका है। उनकी पत्नी की जान खतरे में है। काफी दिनों तक इलाज के बाद रविवार दोपहर शीतला की मृत्यु हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।