पर्यटक स्थल पिंजौर में रेसिंग कार झूले में फंसने से महिला की मौत
पर्यटक स्थल पिंजौर में एक दर्दनाक हादसे में बठिंडा की एक महिला की मौत हो गई। वह परिवार संग रेसिंग कार झूले का आनंद ले रही थी। इसी दौरान रेसिंग कार के पहिये में उसका बाल फंस गया।
जेएनएन, पंचकूला। जिले के पिंजौर में एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला परिवार के साथ घूमने पिंजौर आई थी। इसी दौरान यादविंद्रा गार्डन में लगे झूले में वह फंस गई और जब तक लोग उसे निकाल पाते उसकी मौत हो गई। वह रेसिंग कार झूले में थी और संतुलन खोने से इसमें फंस गई। महिला बइिंडा जिले के गांव रामपुरफूल से आई थी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पुनीत कौर नामक महिला पिंजौर स्थित यादविंद्रा गार्डन में बठिंडा के रामपुराफूल गांव से परिवार के साथ आई थी। वह परिजनों के साथ में यादविंद्रा गार्डन में ठेके पर दिए हुए अम्यूज़मेंट पार्क में रेसिंग कार का आनंद ले रही थी। इसी दौरान उसके बाल कार के टायरों में फंस गए। जब तक कार झूले को रोका जाता महिला का सिर बुरी तरह फंस गया।
हादसे के बाद विलाप करते महिला के परिजन।
महिला इस दौरान चीखती रही और परिजन मदद के लिए चिल्लाते रहे। रेसिंग कार को रोका गया, लेकिन महिला बुरी तरह घायल हो गई थी। इससे पार्क में हड़कंप मच गया। महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। महिला के शव को पंचकूला के सेक्टर छह स्थित सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रख गया है।
हादसे के बाद महिला के शोकाकुल परिजन।
हादसे के बाद महिला के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की जांच के बाद इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद महिला के शोकाकुल परिजन।