पति से झगड़े के बाद घर से गायब हुई महिला, सुखना लेक में मिला शव Chandigarh News
कुसुम पति और तीन बच्चों के साथ बहलाना स्थित मकान में रहती थी। दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पति से झगड़े के बाद घर से गायब होने वाली महिला का शव शनिवार सुबह सुखना लेक में मिला। पुलिस ने जीएमएसएच-16 के डॉक्टर द्वारा मृत घोषित करने के बाद शव मोर्चरी में रखवा दिया। एक दिन पहले बहलाना निवासी 42 वर्षीय महिला कुसुम शर्मा की मिसिंग रिपोर्ट सेक्टर-31 थाना पुलिस ने दर्ज की थी। सेक्टर-3 थाना पुलिस मामले की पड़ताल में लगी है। पुलिस कंट्रोल रूम में शनिवार अलसुबह पांच बजे राहगीर ने सूचना दी। सुखना चौकी पुलिस ने पहुंच महिला को पानी से बाहर निकाला और जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने डेड घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए थे।
कुसुम पति और तीन बच्चों के साथ बहलाना स्थित मकान में रहती थी। दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ और उनकी लड़ाई हो गई। इसके बाद देर शाम महिला के पति नंदलाल शर्मा ने संबंधित सेक्टर-31 थाना पुलिस में पत्नी के घर से गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। अपने स्तर पर तलाश करने के बाद थाना पुलिस ने मामले में महिला की मिसिंग की रिपोर्ट दर्ज की थी।