विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लिफ्ट मांग कार में बैठी युवती, झूठे केस में फंसाने का डर दिखा ट्रांसफर करवाए 57 हजार; मोहाली में FIR

Published: Mon, 14 Sep 2026 08:12 PM (IST)

जीरकपुर में लिफ्ट मांगने वाली एक युवती ने कार सवार युवक को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उससे ...और पढ़ें

सड़क किनारे इमरजेंसी बताकर लिफ्ट मांगी और फिर झूठे केस में फंसाने का डर दिखा रुपये ट्रांसफर करवाए। (एआई जनरेटेड फोटो)

 सड़क किनारे इमरजेंसी बताकर लिफ्ट मांगी और फिर झूठे केस में फंसाने का डर दिखा रुपये ट्रांसफर करवाए। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. अंबाला का रहने वाला है शिकायतकर्ता युवक।

  2. आईफोन-15 भी छीनकर ले गए, बाद दी धमकी।

  3. खरड़ निवासी युवती के खिलाफ मुकमदमा दर्ज।

संवाद सहयोगी, जीरकपुर (मोहाली)। सड़क किनारे इमरजेंसी बताकर लिफ्ट मांगना और फिर कार सवार युवक को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने का मामला सामने आया है।

अंबाला निवासी युवक ने आरोप लगाया है कि जीरकपुर पहुंचने के बाद युवती ने उसका आईफोन-15 अपने कब्जे में ले लिया और दबाव बनाकर फोन-पे के जरिए उसके एसबीआई खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 57 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

पुलिस ने जांच के बाद खरड़ निवासी आंचल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अंबाला निवासी 36 वर्षीय रमाकांत उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि वह रात को अपने दोस्तों गुरप्रीत सिंह और अभय सिंह के साथ हुंडई एक्सटर कार में चंडीगढ़ घूमने आया था।

अगले दिन दोपहर करीब 2 बजे वे सेक्टर-26 चंडीगढ़ से अंबाला लौट रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़ी एक युवती ने कार रुकवाकर इमरजेंसी का हवाला देते हुए जीरकपुर तक छोड़ने की बात कही। इस पर रमाकांत ने उसे कार में बैठा लिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, जीरकपुर स्थित कार्तिक होटल के पास पहुंचते ही युवती कार से उतर गई और कार के पास खड़े होकर उनकी तस्वीरें खींचने लगी। आरोप है कि उसने पुलिस बुलाकर झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी दी और रमाकांत का आईफोन-15 कथित तौर पर छीन लिया। फोन लौटाने के बदले पहले पांच हजार रुपये मांगे गए।

रमाकांत का आरोप है कि जब वह मोबाइल लेने होटल के अंदर पहुंचा तो युवती रोने लगी और होटल के दो कर्मचारी भी वहां आ गए। वह बाहर निकला तो युवती भी पीछे आ गई और कथित तौर पर दोबारा झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगने लगी।

पीड़ित के मुताबिक, दबाव में उससे मोबाइल और फोन-पे का पासवर्ड ले लिया गया। इसके बाद उसके एसबीआई खाते से 43 हजार, पांच हजार और नौ हजार रुपये के तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 57 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।

आरोप है कि इसके बावजूद मोबाइल वापस नहीं किया गया। इसी दौरान एक सफेद वैगनआर वहां पहुंची और युवती मोबाइल लेकर उसमें बैठकर चली गई।

घटना के बाद व्हाट्सएप कॉल से भी धमकाने का आरोप

रमाकांत ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि घटना के बाद भी मामला खत्म नहीं हुआ। युवती एक मोबाइल नंबर से उसे और उसके परिवार के सदस्यों को व्हाट्सएप कॉल कर गाली-गलौज करने लगी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करती रही।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में उसे युवती की पहचान आंचल निवासी खरड़ के रूप में हुई। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आंचल के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 308(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।